भूना। पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने कहा कि प्रदेश सरकार गावों का शहरी तर्ज पर सुंदरीकरण करने में लगी हुई है। अब गांवों में गली व नाली की बजाय कम्युनिटी सेंटर, पार्क जैसी सौगातें मिल रही हैं। गांवों के चहुंमुखी विकास पर ध्यान दे रहे हैं। टोहाना विधानसभा क्षेत्र के गांवों में भी विकास कार्यों में कोई कमी नहीं रहेगी।
बबली शनिवार को टोहाना विधानसभा क्षेत्र में आने वाले भूना खंड के विभिन्न गांवों में 9 करोड़ 56 लाख रुपये की लागत से बनी मनरेगा की 63 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करने के दौरान ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने गांव जांडली कलां, चंद्रावल, जांडली खुर्द, नाढोड़ी, घोटडू, धौलू, दिगोह, लहरियां, डूल्ट, टिब्बी, ढाणी डूल्ट, भट्टू, ढाणी सांचला एवं ढाणी भोजराज में इन विकास कार्यों का उद्घाटन किया। इस दौरान मंत्री ने आम नागरिकों की जनसमस्याएं सुनी एवं संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही निवारण करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर पंचायत समिति भूना के चेयरमैन महेंद्र जांडलीखुर्द, सुरेंद्र कुमार, मनोज बबली, विनोद बबली, बीडीपीओ नरेंद्र सिंह, एबीपीओ संदीप जांगड़ा, नत्थूराम, विकास कुमार, रविंद्र, धारनिया, जांडली खुर्द के सरपंच बलवंत पूनिया, जांडली कला के सरपंच प्रतिनिधि दलबीर सिंह, टिब्बी की सरपंच पूजा सहारण, लहरिया सरपंच प्रतिनिधि जगदीश नेहरा, सुशील बिश्नोई आदि मौजूद थे।
कमीशनखोरों के दिन अब लद चुके
बबली ने कहा कि भ्रष्ट और कमीशन खोरों के दिन अब लद चुके हैं। अब एक-एक पैसा गांव के विकास पर खर्च हो रहा है, जबकि पूर्व में कुछ लोग जेब भरने का काम करते थे। पंचायत मंत्री ने कहा कि जनता ने उन्हें हल्के का विकास करने के लिए अपना नुमाइंदा चुना है, इसलिए लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए उनके दरवाजे हमेशा खुले हैं। प्रदेश सरकार ने गांवों के विकास के लिए हाल में ही 1100 करोड़ रुपये देने का काम किया है। इसलिए उस पैसे को सभी ग्रामवासी, सरपंच एवं पंच मिलकर विकास पर लगाने का काम करें। उन्होंने कहा कि मनरेगा के तहत लगभग 5 से 6 करोड़ रुपये के एस्टीमेट बनकर तैयार हो चुके हैं, जल्द ही अनुदान राशि भी उपलब्ध करवा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि लोगों से जो वायदे किए थे, वह पूरे किए जा रहे हैं। काफी लंबे समय से गांवों में विकास कार्य अधूरे पड़े थे, उनको गति प्रदान कर दी गई है।