फतेहाबाद। जिले की 243 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के प्रत्याशियों में से सिर्फ 61 दावेदार ही पोस्ट ग्रेजुएट हैं। इन 61 में से भी तीन ही दावेदार ऐसे हैं, जिन्होंने एमएससी की हुई है। स्नातक पास दावेदारों की संख्या भी ज्यादा नहीं है। मात्र 65 दावेदारों ने ही स्नातक तक की पढ़ाई की है। सबसे अधिक संख्या दसवीं पास दावेदारों की है। कुल 1002 दावेदारों में से 482 ने दसवीं तक ही पढ़ाई की है। इसके अलावा 12वीं पास दावेदारों का आंकड़ा 236 है। वहीं जिले में सिर्फ 30 पोस्ट ग्रेजुएट और 28 बीए पास महिला दावेदार ही चुनाव मैदान में हैं। ऐसे में गांवों की सरकार चलाने के लिए उच्च शिक्षित प्रतिनिधियों की कमी ही खलेगी।
गौरतलब है कि जिले में 259 में से 16 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद पर सर्वसम्मति बन चुकी है। अब 243 गांवों में ही सरपंच पद के लिए 25 नवंबर को मतदान होगा। बता दें कि जिन गांवों में ग्रामीणों द्वारा सर्वसम्मति से सरपंच का चयन किया गया, वहां भी उच्च शिक्षित जनप्रतिनिधि का अभाव ही है। सर्वसम्मति बनाने वाले 16 गांवों में से गांव शेखुपुर सोतर में हरदीप कौर पोस्ट ग्रेजुएट हैं। बनावाली सोतर के सरपंच छिंद्रपाल ही बीए पास हैं। बाकी गांव भोड़िया खेड़ा में कौशल्या देवी दसवीं पास, ढाणी ठोबा में प्रीतम दसवीं पास, चपला मोरी में मोनिका 12वीं पास, गांव बाड़ा में गुरजीत सिंह दसवीं पास, गांव प्लाट बाहमनवाला में रविंद्र कौर आठवीं पास, गांव रोझांवाली में पुरुषोत्तम सिंह 12वीं पास, गांव भीमेवाला में निर्मला दसवीं पास, जाखल खंड के गांव लहराथेह में कमलजीत आठवीं व गांव भड़ोलांवाली में राजेश कुमार 10वीं, अजीत नगर में रमेश कुमार 10वीं पास, पिलछियां में बलविंद्र सिंह 10वीं पास, नूरकी अहली में बिमला रानी 12वीं पास, मानकपुर में अमृतपाल सिंह 10वीं पास, पूर्ण माजरा में कांता देवी भी 10वीं पास हैं। संवाद
बीटेक, बीएड व एलएलएम पास दो-दो दावेदार
जिले में बीटेक व बीएड पास दो-दो ही दावेदार हैं। भूना खंड के गांव बुवान में पूजा रानी व जाखल के गांव गुल्लरवाला में हरदीप सिंह ने बीएड की हुई है। इसके अलावा गांव दौलतपुर में कुलदीप सिंह व ढाणी सांचला में रविदास ने बीटेक की हुई है। वहीं, गांव मताना के दलबीर सिंह व गांव दमकौरा के विनीत भुटानी ने मास्टर ऑफ लॉ (एलएलएम) की हुई है।
-
एमबीए, एमटेक व एमएसडब्ल्यू पास सिर्फ एक-एक ही दावेदार
पूरे जिले में सरपंच पद के प्रत्याशियों में एमबीए और एमटेक पास सिर्फ एक-एक दावेदार है। गांव भिरड़ाना से सरपंच पद की प्रत्याशी तनुप्रिया ने एमबीए की हुई है जबकि गांव लहरिया की अरुणा नेहरा ने एमटेक की हुई है। गांव कन्हड़ी में प्रत्याशी दर्शना देवी ने मास्टर इन सोशल वर्क (एमएसडब्ल्यू) की हुई है।
ये हैं बीकॉम पास दावेदार
जिले में मात्र सात उम्मीदवार ही ऐसे हैं, जिन्होंने कॉमर्स संकाय से स्नातक की पढ़ाई की हुई है। भट्टू खंड के गांव मेहूवाला से मीना शर्मा व बनमंदोरी से रजनी, टोहाना के गांव बिढाईखेड़ा से बलजीत सिंह व धारसूल कलां से अमनदीप सिंह, रतिया के गांव रतनगढ़ से किरणपाल कौर, जाखल के गांव दीवाना से सोनिया, फतेहाबाद खंड के गांव धारनिया से विजय सिंह बीकॉम पास दावेदार हैं।
ये है दावेदारों की शिक्षा का आंकड़ा
8वीं पास दावेदार : 148
10वीं पास दावेदार : 482
12वीं पास दावेदार : 236
बीए पास दावेदार : 55
बीकॉम पास दावेदार : 7
बीएससी पास दावेदार : 3
बीएड पास दावेदार : 2
पोस्ट ग्रेजुएट : 61
कोट
सरपंच पद के प्रत्याशी के लिए कैटेगरी अनुसार शैक्षणिक योग्यता निर्धारित की गई थी। सरपंच पद पर एससी व महिला प्रत्याशी के लिए आठवीं जबकि गैर आरक्षित के लिए दसवीं पास होना जरूरी है।
-जगदीश शर्मा, जिला निर्वाचन अधिकारी, फतेहाबाद