फतेहाबाद। बाढ़ के कारण अयाल्की गांव के पास पंजाब की ओर जाने वाले हाईवे में कट लगाने के चलते फतेहाबाद से रतिया का संपर्क पूरी तरह से टूट गया है। वहीं भूना के लिए भी बसों का संचालन बंद कर दिया गया है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। फतेहाबाद से रतिया की ओर जाने वाले सभी मार्ग लगभग बंद हो गए हैं।
जाखल में भी कुलां और मूनक मार्ग बंद हैं, जिस कारण लोग जाखल भी नहीं जा पा रहे हैं। फतेहाबाद में बाढ़ का पानी आने के बाद भूना बाईपास पर पुल को एक ओर से मिट्टी के कट्टे लगाकर बंद कर दिया गया है, जिस कारण यहां पर भी फतेहाबाद से सीधा भूना के लिए बसों का संचालन बंद कर दिया गया है। रतिया के लिए अब कोई रूट दिखाई नहीं दे रहा है। अयाल्की के राहत शिविर में पहुंचे समाजसेवी मुकेश बंसल ने बताया कि वह पहले मल्हड़ होकर अयाल्की पहुंचे थे, लेकिन यहां पर भी पानी का बहाव काफी तेज हो गया।
फतेहाबाद से रतिया व भूना मार्ग पर बसों का संचालन बंद कर दिया गया है। भूना के लिए वाया एमपी रोही लोग जा सकते हैं। फिलहाल रतिया के लिए पूरी तरह से बसों का संचालन बंद कर दिया गया है। भूना रूट को भी रोक दिया गया है।
हवासिंह, बस अड्डा इंचार्ज।