भूना। शहर के वार्ड नंबर दो में बिजली घर के समीप रविवार शाम को चंद्रावल माइनर की पटरी पर खेल रही डेढ़ वर्षीय बच्ची अचानक पानी में गिर गई। उसकी डूबने से मौत हो गई। मोहल्ले के बच्चों ने जब पानी में बच्ची को देखा तो शोर मचाया।
मौके पर पहुंचे परिजन बच्ची को तुरंत सीएचसी केंद्र भूना में लेकर गए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। करवाचौथ के पर्व पर हुए हादसे के बाद बच्ची की मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने मृतक बच्ची के पिता के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई की है। पुलिस को दिए बयान में वार्ड 2 निवासी सुनील कुमार ने बताया कि वह सिलाई का काम करता है। उसकी दो बेटियां हैं, जिनमें बड़ी कीर्ति व छोटी अनवी है। करवाचौथ के मौक पर उसकी पत्नी घरेलू कार्य में व्यस्त थी। इसी दौरान डेढ़ वर्षीय बच्ची अनवी घर से बाहर खेलती हुई चंद्रावल माइनर की पटरी पर चली गई। करीब चार बजे मासूम बच्ची अचानक खेलते हुए माइनर में गिर गई। पड़ोस के लोगों ने शोर मचाया तो घटना के बारे में पता चला।