फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Fatehabad News: कभी कबड्डी के स्टार खिलाड़ियों ने चमकाया था गांव समैन का नाम, अब स्टेडियम में सुविधाओं का टोटा

Thu, 22 Aug 2024 12:39 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, फतेहाबाद
विज्ञापन
गांव समैन में बना खेल स्टेडियम।
विज्ञापन
समैन। हरियाणा में कबड्डी खेल में गांव समैन के स्टार खिलाड़ियों का बड़ा दबदबा रहा है। कबड्डी के पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी दलबीर चौधरी, महिला कबड्डी खिलाड़ी रामभतेरी गिल, मनीषा गिल, सुमन गिल ने अपने खेल का शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने गांव का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।
विज्ञापन

मौजूदा समय में गांव के खेल स्टेडियम में आधुनिक खेल सुविधाएं न होने के कारण गांव के होनहार युवा खिलाड़ी प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने में सफल नहीं हो पा रहे हैं। कबड्डी खेल की तैयारी करवाने में जुटे पुराने खिलाड़ी भी सुविधाओं का अभाव होने से निराश हो चुके हैं। हालांकि, खेल स्टेडियम में सुविधाओं की कमी से जूझने के बावजूद 150 से अधिक युवा सुबह-शाम अलग-अलग खेलों का अभ्यास करते हैं। इन खेलों में कबड्डी, क्रिकेट, वालीबाल व दौड़ शामिल हैं।

2008 में बनाया गया था स्टेडियम
गांव समैन में वर्ष 2008 में जिला परिषद की ग्रांट से राजीव गांधी खेल परिसर का निर्माण किया गया था। फिलहाल खेल परिसर में खिलाड़ियों के लिए पीने के पानी व टॉयलेट की कोई सुविधा नहीं है। मैदान में घास भी बड़ी-बड़ी हो चुकी है। दौड़ने के लिए बनाए गए ट्रैक में भी और सुधार की जरूरत है। अभ्यास करने वाले खिलाड़ी अपने साथ पीने का पानी लेकर आते हैं या फिर दूर-दराज खेतों में लगे हैंडपंपों से पीने का पानी लाते हैं। खिलाड़ी अनिल गिल, श्यामबीर, मोनू, रोहित शर्मा, प्रदीप कुमार, श्यामू, मनजीत सिंह बताते हैं कि खिलाड़ियों के लिए कोई उचित सुविधा नहीं है। खिलाड़ियों के लिए लगाया गया जिम खराब पड़ा है। जो भी सुविधाएं फिलहाल मौजूद हैं, वह खिलाड़ी स्वयं जुटाते हैं।
विज्ञापन




गांव समैन का कबड्डी खेल में बड़ा नाम रहा है। इसलिए गांव के खेल परिसर में आधुनिक खेल सुविधाएं होनी चाहिए। खेल परिसर में खिलाड़ियों के लिए सुविधाओं का बड़ा अभाव है। स्टेडियम में सुविधाएं और कोच होंगे तो जरूर खिलाड़ी आगे बढ़ेंगे।
-रामफल गिल, खेलप्रेमी, गांव समैन
खेल स्टेडियम में सुबह-शाम अभ्यास करने खिलाड़ी आते हैं। मगर यहां पर सुविधाओं का बड़ा अभाव है। खिलाड़ी खेल परिसर में पीने का पानी स्वयं लेकर जाते हैं। प्रदेश सरकार व प्रशासन को गांव की इस समस्या की तरफ जरूर ध्यान देना चाहिए।
-सोहित शर्मा, खिलाड़ी

गांव समैन के खेल स्टेडियम में खेल सुविधाओं का अभाव है। खिलाड़ियों के पीने के पानी, टॉयलेट व बिजली की व्यवस्था नहीं है। यदि सरकार ग्रामीण क्षेत्र में खिलाड़ियों को तराशना चाहती है तो उनके लिए उचित सुविधाओं की व्यवस्था करनी चाहिए।
-श्यामबीर गिल, खिलाड़ी


प्रदेश सरकार को गांवों के खेल स्टेडियमों का सुधार करवाना चाहिए, ताकि खिलाड़ी बेहतर तरीके से अभ्यास कर सकें। मौजूदा समय में ग्रामीण खेल स्टेडियमों का बुरा हाल है। खेल विभाग को भी नियमित रूप से ध्यान देना चाहिए।
-मोनू गिल, खिलाड़ी

गांव के खेल परिसर में सुविधाओं को बढ़ाने के लिए ग्राम पंचायत ने हरसंभव कदम उठाए हैं। ग्राम पंचायत ने अपने कार्यकाल की शुरुआत में खेल परिसर में पीने के पानी के लिए वाटर कूलर लगवाया। ग्राम पंचायत ने अपने स्तर पर जिम को ठीक करवाया व खिलाड़ियों के लिए खेल का सामान दिया। आगे भी व्यवस्थाओं में और सुधार करवाएंगे।
विज्ञापन

-रणबीर गिल, सरपंच, गांव समैन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें