फतेहाबाद। गांव बड़ोपल व खाराखेड़ी के बीच फोरलेन पर प्रेमी वैष्णो भोजनालय पर टैंकर रोककर पेट्रोल व डीजल चोरी मामले में सदर पुलिस ने आरोपी टैंकर चालक सिरसा के गांव करीवाली निवासी त्रिलोचन सिंह व होटल संचालक अग्रोहा निवासी मोहन लाल के खिलाफ चोरी व आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने त्रिलोचन सिंह को टैंकर से तेल चोरी करने और मोहन लाल को चोरी का डीजल व पेट्रोल खरीदने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
मामले के मुताबिक सीएम फ्लाइंग हिसार और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निरीक्षक नरेश कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव बड़ोपल और खाराखेड़ी के बीच होटलों पर तेल टैंकर वाले डीजल और पैट्रोल निकालकर सस्ते दामों पर होटल संचालकों को देते है। टीम गांव बड़ोपल में प्रेमी वैष्णो भोजनालय पर पहुंचे तो वहां पर टैंकर खड़ा था। इस दौरान एक युवक तेल वॉल खोलकर डीजल निकाल रहा था। निरीक्षक नरेश कुमार ने जांच की तो एक कैनी में 17 लीटर डीजल व दूसरी में 20 लीटर पेट्रोल बरामद हुआ। टैंकर में से तेल निकालने वाले युवक ने अपना नाम जिला सिरसा के गांव करीवाली निवासी त्रिलोचन व मौके पर मौजूद दूसरे व्यक्ति ने नाम गांव अग्रोहा निवासी मोहनलाल बताया। सदर पुलिस ने एचसी पालाराम की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया है।
कोट
मामले में दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। यहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
-यादविंद्र सिंह, सदर थाना प्रभारी