भूना। क्षेत्र में धान खरीद कार्य सुचारू और पारदर्शी ढंग से चलने पर शुक्रवार को दिगोह-भूना राइस मिल एसोसिएशन ने उपायुक्त डॉ. विवेक भारती का आभार व्यक्त किया। एसोसिएशन के प्रधान सतबीर सिंह बुगालिया के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त से मुलाकात कर उन्हें किसानों और व्यापारियों की ओर से मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल में उप प्रधान वीरेंद्र जैन और कोषाध्यक्ष पवन कुमार सिंगला भी मौजूद रहे। एसोसिएशन ने बताया कि इस बार प्रशासन की सख्त निगरानी और बेहतर प्रबंधन के कारण खरीद कार्य में पहले की तुलना में अधिक पारदर्शिता और तेजी देखने को मिल रही है। किसान बिना किसी परेशानी के अपनी फसल मंडियों में बेच पा रहे हैं। भुगतान प्रक्रिया भी समय पर हो रही है, जिससे किसानों में संतोष का माहौल है। इस अवसर पर एसोसिएशन के प्रधान सतबीर सिंह बुगालिया ने उपायुक्त से पर्याप्त मात्रा में वारदाना (धान भरने वाले बोरे) उपलब्ध करवाने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि यदि समय पर पर्याप्त वारदाना मिलता रहेगा, तो खरीद प्रक्रिया और अधिक सुगम हो जाएगी। उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने एसोसिएशन के सुझावों और मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया कि प्रशासन किसानों और व्यापारियों की हर समस्या का तुरंत समाधान करेगा। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि किसानों को उनकी उपज का पूरा मूल्य बिना किसी देरी और परेशानी के मिले। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी मंडी में खरीद कार्य बाधित न हो और यदि कोई समस्या आए तो तुरंत उसका निवारण किया जाए।