भट्टूकलां में शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान खोखे को पीछे धकेलता जेस
भट्टू कलां। भट्टू मंडी में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की ओर से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। भट्टू शहर में मंगलवार सुबह हुई बारिश से सड़कें लबालब पानी से भर गईं, जिससे यह अभियान चलाने में दिक्कत आती रही। अधिकारी पिछले तीन दिनों से शहर में अतिक्रमण हटाने के लिए मुनादी करवा रहे थे, मगर अतिक्रमण करने वाले टस से मस नहीं हुए। इस अभियान के चलते ही शहर के नागरिकों ने आकर प्रशासन से कुछ समय और देने की मांग की। इसके बाद अतिक्रमण हटाने की खानापूर्ति कर अधिकारी लौट गए।
भट्टू कलां निवासी वीरेंद्र सांई ने सीएम विंडो में इस अतिक्रमण को लेकर शिकायत कर रखी थी। जिस पर मंगलवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। एचएसवीपी अधिकारियों शहर में शॉपिंग सेंटर की दुकानों के लगे शेड, सड़कों के किनारे लगे बोर्डों को हटवाने के अलावा प्राधिकरण की भूमि पर लगे खोखे हटवाने शुरू किए। अतिक्रमण हटाने का काम शुरू होते ही सरपंच प्रतिनिधि आशु गोयल, पंचायत समिति के वाइस चेयरमैन बंसीलाल, पूर्व सरपंच रोशनलाल, अर्जुन राठौड़ सहित कई लोगों ने अधिकारियों से कहा कि दुकानदारों को अपने आप सामान हटाने के लिए कुछ समय और दिया जाए। इसके बाद शिकायतकर्ता भी मौके पर पहुंच गया और अतिक्रमण हटाने के लिए कहा। संपदा अधिकारी राजेश खोथ के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। एसडीओ रामप्रसाद को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया। इस दौरान गोविंद पैलेस के समीप खोखों को हटवाया गया। वहीं, हिसार रोड पर तीन साइन बोर्डों को हटवा कर अभियान की इतिश्री कर दी गई।
शिकायतकर्ता बोला- अतिक्रमण जस का तस
शिकायतकर्ता वीरेंद्र सांई ने बताया कि उसकी शिकायत आदमपुर रोड पर शॉपिंग सेंटर के आगे बने शेड, दुकानों के आगे बने बरामदे, सड़कों के किनारे लगी रेहड़ियां व खोखे, हिसार रोड पर लोगों द्वारा बनाए गए अवैध चबूतरे, हलवाइयों द्वारा लगाए गए शेड व भट्टियां सहित प्राधिकरण की भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने से संबंधित थी। अधिकारियों ने महज खानापूर्ति की है, जिससे वह संतुष्ट नहीं है। वहीं, संपदा अधिकारी राजेश खोथ ने बताया कि उन्होंने शिकायत पर कार्रवाई करते हुए शहर से अतिक्रमण हटवाया है। आगे भी अभियान चलाया जाएगा। जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए किसी को अतिक्रमण नहीं करने दिया जाएगा।