फतेहाबाद। जिला परिषद के 18 वार्डों के 160 उम्मीदवारों में से सिर्फ 29 उम्मीदवार ही उच्च शिक्षित हैं। ये 29 ऐसे उम्मीदवार हैं, जिनके पास स्नातक या इससे ज्यादा पढ़ा-लिखा होने की डिग्री है। बाकी दावेदार आठवीं से लेकर 12वीं तक ही पढ़े लिखे हुए हैं। तकनीकी के इस युग में भी पंचायती राज के सबसे बड़े चुनावी क्षेत्र जिला परिषद के मैदान में इस बार उच्च शिक्षित लोगों का अभाव ही रहेगा।
गौरतलब है कि नामांकन फार्म जमा करवाने के अंतिम दिन तक जिले के 18 वार्डों में 160 लोगों ने उम्मीदवारी जताई है। इनमें से 91 पुरुष जबकि 70 महिलाएं शामिल हैं। बता दें कि जिले में मात्र 11 दावेदार ही ऐसे हैं, जिनकी शिक्षा स्नातकोत्तर है। पुरुष दावेदारों में वार्ड नंबर पांच से पारस राम, इसी वार्ड से प्रवीन कुमार, वार्ड नंबर 14 से रामनिवास जबकि महिला दावेदारों में वार्ड नंबर छह से सुमन खिचड़ और वार्ड नंबर 15 से वंदना रानी ने ग्रेजुएशन या इससे अधिक पढ़ाई का कॉलम अपने नामांकन फार्म में भरा है। वार्ड नंबर 12 से दावेदार दीपक ने एमफिल की हुई है। वार्ड नंबर पांच से सत्य रावल, वार्ड नंबर छह से महिला प्रत्याशी मुस्कान, वार्ड नंबर 14 से तेज कुमार, वार्ड नंबर 16 से प्रत्याशी प्रियंका और वार्ड नंबर 17 से प्रत्याशी अक्षय कुमार ने पोस्ट ग्रेजुएट की हुई है। संवाद
ये हैं बीए, बीकॉम, बीएससी व बीएड पास दावेदार
वार्ड नंबर एक से सीपीआई प्रत्याशी कामरेड विष्णु दत्त, वार्ड नंबर पांच से प्रत्याशी धर्मवीर बीए पास हैं। वार्ड एक से प्रत्याशी कमल बिसला बीकॉम पास हैं। वार्ड नंबर चार में प्रत्याशी बिरखा देवी ने बीएससी, वार्ड नंबर छह से प्रत्याशी माया देवी ने बीएड, वार्ड छह से ही नीलम तोमर ने बीए की हुई है। वार्ड नंबर सात में सुरेश पाल व अनिल कुमार जबकि वार्ड नंबर आठ से जोगिंद्र सिंह, वार्ड नंबर 12 से प्रत्याशी रामकुमार, वार्ड 12 से प्रत्याशी मनीष नेहरा बीटेक हैं। वार्ड नंबर 13 से प्रत्याशी शर्मिला देवी ने बीए कर रखी है। वार्ड नंबर 14 से प्रत्याशी कमल ने बीएससी, वार्ड नंबर 17 से प्रत्याशी अवतार सिंह व बीसा राम जबकि वार्ड नंबर 18 से प्रत्याशी परमजीत व सुखपाल कौर ने बीए की हुई है। वार्ड 18 से ही प्रत्याशी सरोज रानी ने बीएड कर रखी है।
ग्रेजुएशन या ज्यादा पढ़ाई वाले पुरुष दावेदार : 6
ग्रेजुएशन या ज्यादा पढ़ाई वाली महिला दावेदार : 4
एमफिल पास पुरुष दावेदार : 1
एमफिल पास महिला दावेदार : 0
बीए पास पुरुष दावेदार : 9
बीए पास महिला दावेदार : 4
बीकॉम पास पुरुष दावेदार : 1
बीकॉम पास महिला दावेदार : 0
बीएससी पास पुरुष दावेदार : 1
बीएससी पास महिला दावेदार : 1
बीएड पास पुरुष दावेदार : 0
बीएड पास महिला दावेदार : 2
12वीं पास पुरुष दावेदार : 23
12वीं पास महिला दावेदार : 21
दसवीं पास पुरुष दावेदार : 46
दसवीं पास महिला दावेदार : 27
आठवीं पास पुरुष दावेदार : 3
आठवीं पास महिला दावेदार : 11
जिला परिषद के दावेदारों में से एक का नामांकन पत्र हुआ रद्द
जिला परिषद के 18 वार्डों में से आवेदन करने वाले 161 दावेदारों के नामांकन फार्मों की भी शनिवार को जांच हुई। वार्ड नंबर तीन से फॉर्म भरने वाले दशरथ का नामांकन फॉर्म रद्द कर दिया गया है। दशरथ हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत सीएमओ कार्यालय में नौकरी करता है। अधिकारियों के अनुसार उसे नामांकन दाखिल करने से पहले नौकरी से त्याग पत्र देना चाहिए था। मगर उसने ऐसा किए बिना ही फॉर्म भर दिया। नियमानुसार दावेदार एक ही काम कर सकता है। अब जिला परिषद के 18 वार्डों में 160 प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं।
कोट
जिला परिषद सदस्यों के लिए अलग-अलग कैटेगिरी के हिसाब से शिक्षा निर्धारित की हुई थी। हमारे पास आए नामांकन फार्मों में आठवीं से लेकर स्नातकोत्तर तक दावेदारों ने शिक्षा ग्रहण की हुई है।
-कुलभूषण बंसल, सीईओ, जिला परिषद