फतेहाबाद। जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थान में पढ़ने वाले विद्यार्थी अब 150 किलोमीटर तक की दूरी तक मुफ्त बस पास बनवा सकेंगे। प्रदेश सरकार के इस निर्णय से जिले में 10 हजार विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। पहले छात्रों को पास के लिए भुगतान करना होता था। वहीं छात्राओं को पहले से ही बसों में मुफ्त यात्री की सुविधा मिली हुई है।
बता दें कि रोजाना शिक्षण संस्थानों में हजारों की संख्या में विद्यार्थी पढ़ने आते हैं। इन विद्यार्थियों के आवागमन का साधन हरियाणा रोडवेज और अन्य वाहन हैं। ऐसे में प्रदेश सरकार ने छात्राओं के साथ छात्रों के लिए भी फ्री बस पास की सुविधा शुरू कर दी है। पहले यह सुविधा 60 किलोमीटर तक की थी। जिसे अब बढ़ाकर 150 किलोमीटर कर दिया गया है। छात्रों के लिए भी फ्री बस पास बनाने की सुविधा शुरू हो गई है। सबसे ज्यादा फायदा गांव से शहर पढ़ने आने वाले विद्यार्थियों को होगा। संवाद
निजी बसों में भी कर सकेंगे यात्रा
यह बस पास रोडवेज के साथ-साथ सहकारी समिति की बसों में भी मान्य होंगे। इसको लेकर रोडवेज अधिकारियों ने जिला परिवहन सचिव को पत्र लिखकर सहकारी समिति की बसों में पास मान्य करवाने के निर्देश दिए हैं। जिले के राजस्थान सीमा के साथ लगते गांवों के छात्रों को इसका ज्यादा लाभ मिलेगा। इन गांवों से पढ़ने जाने वाले छात्रों के कॉलेज की दूरी 60 किलोमीटर से ज्यादा है। वहीं टोहाना से भी काफी छात्र फतेहाबाद पढ़ने के लिए आते हैं। टोहाना से फतेहाबाद की दूरी 65 किलोमीटर है। जिस कारण टोहाना के छात्रों को इस योजना का फायदा नहीं मिल रहा था। अब 150 किलोमीटर तक छात्रों के फ्री बस पास बनने शुरू हो गए हैं।
जिले के दस हजार छात्रों को मिलेगा फायदा
फतेहाबाद जिले व जिले से बाहर पढ़ाई के लिए जाने वाले करीब दस हजार छात्रों को इसका फायदा मिलेगा। जिले में 11 महाविद्यालय, 5 औद्योगिक संस्थान व दो बहुतकनीकी संस्थान के अलावा काफी स्कूल हैं, जिनमें हजारों छात्र पढ़ते हैं। सरकार की इस योजना से छात्रों की शिक्षा का खर्च कम होगा।
-
रोजाना टोहाना से हिसार पढ़ने के लिए जाता हूं। पिछली बार हजारों रुपये देकर बस का पास बनवाया था, लेकिन इस बार बस पास निशुल्क बनकर आया है। इससे अन्य सभी छात्रों को भी फायदा मिलेगा।
- रवि कुमार, निवासी टोहाना।
-
फतेहाबाद के एमएम कॉलेज में गांव धारनियां से पढ़ने के लिए आता हूं। रोजाना 50 रुपये किराये में खर्च हो जाते हैं। अब किराये के रूप में जो पैसे खर्च होते थे, अब उनकी बचत से किताबें आदि खरीद सकूंगा।
- मनीष कुमार, निवासी गांव धारनियां।
-
पिछले दो साल से फतेहाबाद पढ़ाई के लिए आ रहा हूं। सरकार के द्वारा छात्रों के लिए भी जो फ्री बस पास की सुविधा शुरू की गई है, इसका कॉलेज व स्कूल में पढ़ने वाले छात्रों को काफी लाभ मिलेगा।
-लवप्रीत, निवासी गांव रतिया।
रोडवेज की तरफ से छात्रों के 150 किलोमीटर तक फ्री बस पास बनाए जा रहे हैं। इस संबंध में निर्देश जारी हो चुके हैं। विद्यार्थी प्रक्रिया के तहत बस पास बनवा सकते हैं।
- अजय दलाल, महाप्रबंधक