फतेहाबाद। नगर परिषद की साइट पर होर्डिंग्स लगवाने को लेकर अब गड़बड़ी कर पाना मुश्किल हो जाएगा। होर्डिंग्स की प्रक्रिया को नगर निकाय ने ऑनलाइन कर दिया है। यही नहीं अब जगह का रेट भी निर्धारित हो गया है। होर्डिंग्स लगवाने वाली एजेंसी को मौजूदा जगह की कलेक्टर रेट की चार फीसदी फीस देनी होगी।
अगर लालबत्ती चौक एरिया की बात की जाए तो यहां का कलेक्टर रेट करीब 80 हजार रुपये है। होर्डिंग्स लगाने वाली एजेंसी को पांच साल के लिए रजिस्ट्रेशन भी करवाना होगा। इसके लिए 10 हजार रुपये फीस निर्धारित की गई है।
होर्डिंग्स के लिए नगर परिषद की ये है साइट
जगह - कुल साइट
पपीहा पार्क - 4
रेड लाइट - 4
भट्टू रोड - 2
फव्वारा चौक - 2
पुराना बस स्टैंड - 2
सेक्टर आठ - 2
भूना रोड - 1
बस स्टैंड - 1
पोर्टल पर दर्ज करनी होगी फीस
नगर परिषद की साइट पर लगने वाले होर्डिंग को लेकर अनुमति ऑनलाइन ही मिलेगी। यहां लगने वाले होर्डिंग्स की फीस ऑनलाइन ही दर्ज होगी। नगर परिषद को एजेंसी से फीस लेकर पोर्टल पर रिपोर्ट दर्ज करनी होगी। पहले नगर परिषद अधिकारी अपने स्तर पर ही फीस काट रहे थे। ये ही नहीं पहले होर्डिंग को लेकर नगर परिषद निजी एजेंसी को ठेका देता था। लंबे समय से अब ठेका भी नहीं दिया गया है।
नगर परिषद की साइट पर लगने वाले होर्डिंग्स की प्रक्रिया को भी पोर्टल पर ऑनलाइन कर दिया गया है। होर्डिंग्स की फीस मौजूदा जगह के कलेक्टर रेट के मुताबिक लगेगी। कलेक्टर रेट के चार फीसदी के रूप में फीस ली जाएगी।
- ऋषिकेश चौधरी, ईओ नगर परिषद