गांव खाबड़ा कलां के खेतों में मिला पाकिस्तान एयरलाइंस लिखा गुब्बारा।
भट्टू कलां (फतेहाबाद)। गांव खाबड़ा कलां की प्रेम नगर ढाणी के किसान कृष्ण बेनीवाल के गेहूं के खेत में बुधवार सुबह हवाई जहाजनुमा एक संदिग्ध गुब्बारा मिला है। गुब्बारे पर पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (पीआईए) लिखा हुआ है। उस पर पाकिस्तान के झंडे का निशान बना हुआ है। ग्रामीणों ने इसकी सूचना डायल 112 की पुलिस टीम को दी। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंच कर गुब्बारे को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
गौरतलब है कि इस तरह का गुब्बारा मिलने की जिले में यह तीसरी घटना है। इससे पहले पिछले वर्ष 2 नवंबर को गांव भूथन कलां व 19 दिसंबर को गांव शेखुपुर दड़ौली में ऐसे ही गुब्बारे मिले थे, जिस पर पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस व पाकिस्तान के झंडे का लोगो लगा हुआ था। भट्टू थाना प्रभारी जयभगवान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।