फतेहाबाद। स्वास्थ्य विभाग का निरोगी हरियाणा अभियान पहले दिन ही सिरे नहीं चढ़ पाया। पहले चरण में जिला मुख्यालय पर नागरिक अस्पताल और टोहाना में उप नागरिक अस्पताल को मेडिकल चेकअप के शिविर के लिए चुना गया था। नागरिक अस्पताल फतेहाबाद में अभियान पहले दिन ही फेल हो गया। यहां पर दोपहर 12 बजे तक लाभार्थी ही नहीं पहुंचे यहां तक साढ़े 11 बजे तक तो शुरूआत ही नहीं की गई थी। जहां काउंटर लगाया गया वहां पर कार्ड ही नहीं पहुंचे थे। सिविल सर्जन कार्यालय से पहुंचे अधिकारी भी मौके पर व्यवस्था न देखकर हैरान रह गए ।
शिविर में न ही आशा वर्कर या एएनएम अपने क्षेत्र से लाभार्थी लेकर मेडिकल चेकअप के लिए पहुंचीं। आशा वर्कर और एएनएम की ड्यूटी लाभार्थियों को मेडिकल चेकअप के लिए आमंत्रित करने की लगाई गई है लेकिन विभाग ने सोमवार तक आमंत्रण पत्र ही नहीं छपवाए और मंगलवार को छपवाए गए। इसके चलते आशा वर्कर्स तक पहुंच ही नहीं पाए। नागरिक अस्पताल फतेहाबाद में पहले दिन सिर्फ 12 लाभार्थियों का ही मेडिकल चेकअप हुआ है।
बता दें कि स्वास्थ्य विभाग ने पहले अभियान को मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सर्वेक्षण अभियान नाम दिया था जिसे बदलकर निरोगी हरियाणा कर दिया गया। अभियान को लेकर नागरिक अस्पताल फतेहाबाद में निरोगी हरियाणा अभियान में चयनित लाभार्थियों के लिए कोई व्यवस्था नहीं की गई। अस्पताल में ओपीडी काउंटर, सैंपल जांच, दवा काउंटर पर भी लाइन की अलग से व्यवस्था नहीं की गई।
जिले में 1.22 लाख परिवारों के पौने पांच लाख सदस्यों का होना है जांच
स्वास्थ्य विभाग अंतोदय परिवारों का मेडिकल चेकअप करवा रहा है। इन परिवारों पौने पांच लाख सदस्यों का मेडिकल चेकअप होना है। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग ने छह कैटेगरी बनाई है। मेडिकल चेकअप में स्वास्थ्य विभाग ये तय करेगा कि जिले में किसी बीमारी से ज्यादा मरीज ग्रस्त है। इसके अलावा यहां के लोगों का स्वास्थ्य कैसा है।
इतने परिवारों के सदस्यों का होगा मेडिकल चेकअप
मेडिकल चेकअप में शामिल होंगे परिवार : 1,22,645
चेकअप में शामिल होंगे परिवारों के सदस्य : 4,75,697
ई उपचार पोर्टल से जुड़ेगा मरीजों का डाटा
स्वास्थ्य विभाग जिन लाभार्थियों का मेडिकल चेकअप करेगा। उसके डाटा को ई पोर्टल पर भी चढ़ाया जाएगा। मरीज के हेल्थ से जुड़ा डाटा पोर्टल पर दर्ज होगा। मरीज को रिपोर्ट साथ लेकर घूमने की जरूरत नहीं होगी। अगर मरीज किसी दूसरे जिले में जाकर चेकअप करवाता है तो डॉक्टर ई उपचार पोर्टल पर संबंधित मरीज की रिपोर्ट देख पाएंगे।
जांच के लिए बनेगी ये कैटेगरी :
0 से 6 माह
6 माह से 59 माह
5 साल से 18 साल
18 साल से 40 साल
40 साल से 60 साल
60 साल से ऊपर
कोट
निरोगी हरियाणा अभियान की अभी शुरूआत हुई है, टोहाना में अच्छा रहा है। धीरे-धीरे इस अभियान को सिरे चढ़ाया जाएगा। आशा वर्कर और एएनएम अपने क्षेत्र के लाभार्थियों को कैंप में लाएंगी और चेकअप करवाएंगी।
-डॉ. संगीता अबरोल, कार्यकारी सिविल सर्जन