फतेहाबाद। फतेहाबाद पुलिस ने जनवरी माह में चोरी के 40 आपराधिक मामलों को सुलझाते हुए 64 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 20 चोरी के वाहनों तथा जेवरात, नगदी व चोरी के लाखों रुपये का समान बरामद किया है।
फतेहाबाद की एसपी आस्था मोदी ने बताया कि जनवरी के महीने में सीआईए फतेहाबाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर पिकअप चोरी के चार मामलों को सुलझाया। वही बाइक चोरी मामलों में कार्रवाई करते हुए आरोपियों से दो बाइक बरामद की, जबकि एक मामले ने नगदी भी बरामद की है। कुलां पुलिस चौकी टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर ट्रैक्टर चोरी के तीन मामले को सुलझाया, जिसमें एक ट्रैक्टर को बरामद किया है। फतेहाबाद बस अड्डा पुलिस चौकी टीम ने वाहन चोरी के छह मामलों को सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पांच मोटरसाइकिल व एक गाड़ी बरामद की है। एंटी व्हीकल थेफ्ट पुलिस टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बाइक चोरी के चार मामलों को सुलझाया। इसमें पुलिस ने चार मोटरसाइकिल बरामद भी की है।
एसपी ने कहा कि लोग अपने घर, दुकान एवं व्यवसायिक परिसरों में सीसीटीवी कैमरे व अपने घरों, दुकानों एवं अन्य व्यवसायिक परिसरों में एंटी थेफ्ट अलार्म अन्य व्यवसायिक परिसरों में सेंसर लॉक लगवाएं। घरों से बाहर जाते समय अपने पड़ोसी रिश्तेदारों को बताएं तथा आपसी संपर्क बनाए रखें। यदि लंबे समय के लिए घर से बाहर जा रहे हैं, तो स्थानीय पुलिस को सूचित करें। कीमती गहनों एवं अन्य सामान इत्यादि को बैंक लॉकर में रखें। घर के ताले व लॉकर आदि की चाबी हमेशा अपने साथ रखें। किसी भी व्यक्ति को अपने मकान में किराएदार रखना अथवा काम पर रखने से पहले पुलिस सत्यापन अवश्य करवाएं तथा अपने पास भी उसकी पूरी जानकारी जैसे आधारकार्ड, मोबाइल नंबर आदि रखना सुनिश्चित करें।