टोहाना। शहर के चंडीगढ़ रोड स्थित ओवरब्रिज पर एक ट्राॅले ने बाइक सवार को टक्कर मार दी जिससे बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान पंजाब के मनियाना निवासी 44 वर्षीय गुलाब सिंह के तौर पर हुई है। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान पर ट्राॅला चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में मृतक के दोस्त जगसीर सिंह ने बताया कि गुलाब सिंह उनके परिवार से है जो मजदूरी का कार्य करता था। उसने बताया कि करीब 20-22 दिन से वे अनाज मंडी टोहाना में काम पर लगे हुए थे। उसने बताया कि 1 फरवरी को सुबह 9 बजे वे दोनों टोहाना अनाज मंडी आ रहे थे और गुलाब सिंह बाइक चला रहा था। उसने बताया कि करीबन सवा नौ बजे जब वे रेलवे ओवरब्रिज पर पहुंचे तो सामने से आ रहे ट्राॅले ने एक गाड़ी को ओवरटेक करते हुए बाइक को टक्कर मार दी। जिससे गुलाब सिंह का सिर ट्राॅले के नीचे आ गया तथा वह दूसरी तरफ जा गिरा। हादसे के बाद चालक ट्राॅला भगाकर ले गया। आसपास के लोगों ने शव को नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। पुलिस ने मृतक के दोस्त के बयान पर ट्राॅला चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद