फतेहाबाद। फतेहाबाद। हुडा सेक्टर में निजी स्कूल की वैन चलाने वाले चालक के अपहरण के मामले में नया मोड़ आ गया है। इस चालक नेे एक युवती की इंस्टाग्राम पर फोटो डाली थी, जिसको लेकर महिला थाना पुलिस ने अपहृत युवक के खिलाफ छेड़छाड़ का केस दर्ज किया है। वहीं शहर पुलिस नेे भी युवक की शिकायत पर पांच-छह लोगों पर अपहरण व मारपीट का केस दर्ज किया है।
ज्ञात रहे कि मंगलवार को विकास नामक युवक ने पुलिस को शिकायत देकर बताया था कि वह निजी स्कूल के लिए वैन चलाता है और दोपहर को जब वह बच्चों को छोड़कर वापिस घर जा रहा था तो हुडा सेक्टर-तीन के पास कुछ युवकों ने उसका रास्ता रोककर उससे मारपीट की व उसकी आंखों पर कपड़ा बांधकर उसे एक खेत में ले गए और उससे दोबारा मारपीट की तथा उसे महिला थाना के पास छोड़कर भाग गए।
वहीं इस मामले में अब दूसरे पक्ष की ओर से चालक विकास के खिलाफ नाबालिग युवती से छेड़छाड़ का आरोप लगा है। महिला थाना पुलिस में दी शिकायत में एक युवक ने बताया कि उपरोक्त आरोपी गांव की एक नाबालिग लड़की का पीछा करता था। यही नहीं उसने लड़की की फोटो लेकर उसे इंस्टाग्राम पर अपलोड करके नाबालिगा की बदनामी है। यह युवक पिछले तीन माह से नाबालिगा का पीछा कर रहा था और उसके नाम की इंस्टाग्राम पोस्ट बनाकर गलत बातें लिख रहा था। महिला थाना पुलिस ने इस मामले में विकास के खिलाफ छेड़छाड़, आईटी एक्ट, द प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रन फ्रॉम सेक्शुअल ऑफेंस एक्ट 12 के तहत मामला दर्ज किया है। महिला थाना प्रभारी कविता ने बताया कि नाबालिगा के एक रिश्तेदार ने थाने में शिकायत दी थी कि इस युवक ने नाबालिगा की फोटो लेकर इंस्टाग्राम पर उसकी आईडी बना दी और गलत बातें लिखी साथ ही उसकी फोटो भी अपलोड की हैं। मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।