फतेहाबाद। सोमवार रात को चार युवकों ने गांव अयाल्की के पास किराए पर ली कार के चालक को गोली मारने की धमकी देकर कार लूट ली और फरार हो गए। युवकों ने यह कार फतेहाबाद के टैक्सी स्टैंड से बुक की थी। इस मामले में सदर पुलिस ने कार चालक की शिकायत पर चार अज्ञात युवकों के खिलाफ लूटपाट का मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में डीसी कॉलोनी फतेहाबाद निवासी दिनेश ने बताया कि उसके पास स्विफट डिजायर कार है और वह टैक्सी स्टैंड पर अपनी कार को बतौर टैक्सी चलाता है। सोमवार रात को करीब साढ़े आठ बजे वह टैक्सी स्टैंड पर खड़ा था। इस दौरान वहां पर चार युवक आए और उसकी कार को रतिया के लिए 1100 रुपये में बुक कर लिया। जब वह उनको बैठाकर रतिया की ओर जा रहा था तो गांव अयाल्की के पास एक युवक ने उल्टी का बहाना बनाकर कार को ढाणी चाणचक मोड़ पर रुकवा लिया और बाहर निकलकर उससे पानी मांगा। जब वह गाड़ी से उतरकर पानी की बोतल लेकर बाहर निकला तो एक युवक ने नीचे उतरकर उसके दोनों हाथ पकड़ लिए और फिर आरोपियों ने उसे गोली मार देने की धमकी दी। शिकायतकर्ता अनुसार युवक उसे सड़क पर धक्का मारकर स्टार्ट खड़ी गाड़ी को वहां से लेकर फरार हो गए। गाड़ी में उसका मोबाइल भी रह गया। किसी तरह उसने आसपास से मदद लेकर पुलिस को फोन पर सूचित किया। पुलिस मौके पर पहुंची तो चालक ने सारी आपबीती बताई। घटना नौ बजे के आसपास की बताई जा रही है। फतेहाबाद सदर पुलिस ने इस मामले में लूटपाट का केस दर्ज करके जांच आरंभ कर दी है।