नाइट डोमिनेशन अभियान के तहत शहर में तैनात पुलिस कर्मचारी।
फतेहाबाद। शनिवार रात को जिला पुलिस ने रात्रि गश्त अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस द्वारा जिलेभर में नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग की गई। इस अभियान के दौरान पुलिस ने 44 स्थानों पर नाकेबंदी कर आने-जाने वाले 2528 वाहनों की चेकिंग की गई। इस दौरान यातायात नियमों की अवहेलना करने पर 21 वाहनों के चालान किए। वहीं पुलिस ने विभिन्न मामले दर्ज कर 12 लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक आस्था मोदी ने बताया कि रात्रि गश्त अभियान के दौरान सभी डीएसपी, थाना प्रभारी, सीआईए, एंटी नारकोटिक्स सेल, चौकीप्रभारी, पीसीआर व राइडर को गश्त पर रहे व सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत कार्यवाही करते हुए सात लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 71 बोतल शराब बरामद की। इसके अलावा पुलिस ने शस्त्र अधिनियम के तहत दो मामले दर्ज कर एक पिस्तोल व छह कारतूस बरामद किए हैं। जुआ अधिनियम के तहत भी एक मामला दर्ज कर 2255 रुपये की नगदी बरामद की है। इस दौरान पुलिस ने 53 अजनबी पर्चे काटे गए। नाइट डोमिनेशन अभियान के दौरान रेलवे व बस स्टेशन, होटल, ढाबे व धर्मशाला आदि को भी चेक किया गया और उनमें ठहरे लोगों बारे जानकारी ली गई। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिला पुलिस कानून व्यवस्था बनाने और अपराधों पर अंकुश लगाने को लेकर पूरी तरह से गंभीर है और इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।