भूना। नगरपालिका भूना के अधिकारियों व चेयरपर्सन की पिछले कई दिनों से चल रही आपसी खींचतान अब खुलकर मैदान में आ गई है। चेयरपर्सन अपर्णा पसरीजा ने वीरवार को सुबह 9 बजे नगरपालिका कार्यालय का औचक निरीक्षण करके अधिकारियों व कर्मचारियों का हाजिरी रजिस्टर जांचा। उन्होंने पालिका अभियंता के कार्यालय में गैर हाजिर होने की शिकायत मुख्यमंत्री व शहरी स्थानीय निकाय मंत्री तथा उपायुक्त को भेजी है जबकि सचिव छुट्टी पर थे। परंतु सचिव ने एमई के गैर हाजिर के बारे में बताया कि उनका अधिकतर समय फील्ड एरिया में विकास कार्य की देखरेख में ही बीतता है।
चेयरपर्सन को उनके अधिकार क्षेत्र की जानकारी होनी चाहिए। चेयरपर्सन ने आरोप लगाया है कि कार्यालय का कई बार निरीक्षण किया गया। मगर पालिका अभियंता अनुपस्थित पाए गए। वहीं, चेयरपर्सन ने लिखित में शिकायत करके आरोप लगाया है कि जुलाई व अगस्त 2023 के बिलों का भुगतान करने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना की दूसरी व तीसरी किस्त बिना जांच9पड़ताल के नगरपालिका सचिव ने संबंधित लोगों को डाल दी। पूरे मामले में गड़बड़झाले की बू आ रही है और जांच की जानी चाहिए। दूसरी तरफ अधिकारियों ने कहा कि हरियाणा सरकार ने जब से चेयरपर्सन से चेक साइन की पावर छीनी है, तभी से ही चेयरपर्सन प्रतिनिधि बौखलाए हुए हैं और गलत तरीके से काम करवाने के लिए दबाव बना रहे हैं।
गली में अवैध पोल हटाने को लेकर एमई ने दिखाई थी सख्ती
अनाज मंडी के पीछे 30 फुट चौड़ी निर्माणाधीन गली में अवैध तरीके से एक दुकानदार का दुकान के आगे लगा हुआ साइन बोर्ड हटाने को लेकर 8 अगस्त की शाम को एमई ने सख्ती दिखाई थी। नगरपालिका अधिकारियों ने उपरोक्त साइन बोर्ड को उखाड़ लिया और कार्यालय में ले गए थे। मगर उपरोक्त दुकानदार के समर्थन में चेयरपर्सन प्रतिनिधि ने खुल्लम-खुल्ला आकर पुन: रातों-रात उसी जगह दूसरा पोल रोपित करवा दिया। गली के दूसरे लोगों ने चेयरपर्सन प्रतिनिधि की कार्रवाई का विरोध करते हुए अपने-अपने घरों के आगे लोहे के गाडर लगाकर अवैध कब्जा कर लिया। इसके चलते गली निर्माण का काम रुक गया। गली में काफी गाडर लगने से आवागमन प्रभावित हुआ तो चेयरपर्सन प्रतिनिधि को झुकना पड़ा और 12 अगस्त को अवैध रोपित पोल को हटाना पड़ा। इसके चलते अधिकारियों व चेयरपर्सन प्रतिनिधि के बीच खींचतान बढ़ गई। कार्यालय में पहले प्रतिनिधि चेयरपर्सन की कुर्सी पर बैठते थे, वहां अधिकारियों ने अंकुश लगा दिया।
चेयरपर्सन ने यह लगाए आरोप
नगरपालिका चेयरपर्सन अपर्णा पसरीजा ने मुख्यमंत्री व उच्च अधिकारियों को शिकायत भेज कर आरोप लगाया है कि अधिकारियों ने जुलाई व अगस्त 2023 के बिलों व प्रधानमंत्री आवास योजना की दूसरी किस्त व तीसरी किस्त उनकी निगरानी के बिना अदायगी की है। वहीं, बैंक के सामने स्थित नगरपालिका की एक दुकान जो अच्छी स्थिति में थी, वह जेसीबी से गिराकर पूरा मलबा भी गायब कर दिया गया। इसलिए बिना हाउस व अध्यक्ष की अनुमति के यह अनुचित कार्य करके नगरपालिका को करीब 10 लाख रुपये का नुकसान किया है। चेयरपर्सन ने पत्र में लिखा कि किस नियम के तहत यह काम किया है, इसको लेकर स्पष्टीकरण दिया जाए।
नगरपालिका सचिव ने यह दिया जवाब
नगरपालिका सचिव जतिंद्र शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना की लाभार्थियों को दूसरी एवं तीसरी किस्त उनके बैंक खातों में डाली गई है। परंतु जिन लाभार्थियों को अनुदान राशि दी गई है, उनके दस्तावेज पूरी तरह से देखे गए हैं और पूरी पारदर्शिता के साथ जरूरतमंद परिवारों को योजना का लाभ दिया गया है। किस्त डालने में बिचौलियों व कुछ लोगों को भनक नहीं लगी। जरूरतमंद लाभार्थी को सीधा फायदा मिला। बैंक के सामने वर्षों पहले बनी दुकान नकारा थी और डीएमसी के मार्गदर्शन में ही उसे हटाकर तालाब से गंदा पानी निकालने के लिए पंप लगाया गया था। एमई का अधिकतर समय फील्ड में विकास कार्यों की निगरानी में ही रहता है। इसलिए चेयरपर्सन प्रतिनिधि को शिकायतबाजी छोड़कर शहर के विकास की रूपरेखा तैयार करने और मूलभूत सुविधाएं देने में ध्यान देना चाहिए।
चेक साइन करने की पावर सरकार ने छीनी है, हमने नहीं : एमई
पालिका अभियंता जोगिंद्र सिंधू ने कहा कि चेयरपर्सन प्रतिनिधि को शहर के विकास के प्रति गंभीरता दिखानी चाहिए। ठेकेदारों या अन्य कार्यों के बिलों के चेक साइन करने की पावर सरकार ने वापस ली है, अधिकारियों ने नहीं। इसलिए अधिकारियों के साथ मिलजुल कर शहर के विकास कार्यों को आगे बढ़ाना चाहिए। एमई का अधिकतर कार्य विकास कार्यों की निगरानी करने और मौके पर प्लानिंग बनाने में लग जाता है। ड्यूटी से गैर हाजिर कभी नहीं हुआ और जब होते हैं तो छुट्टी लिखकर देते हैं।
अधिकारियों व कर्मचारियों की लगातार गैरहाजिर होने की शिकायतें मिल रही थी। उसी के चलते वीरवार सुबह कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। जहां पर सचिव छुट्टी पर मिले और जेई फतेहाबाद गए हुए थे। परंतु पालिका अभियंता ड्यूटी से गैर हाजिर मिले। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत दूसरी व तीसरी किस्त लाभार्थियों को देने व जुलाई व अगस्त 2023 के बिलों की अदायगी करने पर भी कारण बताओ नोटिस दिया गया है।
-अपर्णा पसरीजा, चेयरपर्सन, नगरपालिका भूना