फतेहाबाद में सड़क हादसे में घायल लड़की को रेफर करते हुए
फतेहाबाद। गांव सोत्तर भट्टू के पास शुक्रवार सुबह मोटरसाइकिल असंतुलित होकर पेड़ से टकरा गया। हादसे में सिरसा निवासी परिवार के चार लोग घायल हो गए। घायलों को फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया। यहां से एक लड़की के गंभीर रूप से घायल होने के कारण अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मामले के मुताबिक परिजनों ने बताया कि सिरसा के गांव मंगाला निवासी कुलदीप के घर पर बच्चे के जन्म को लेकर कार्यक्रम है। कार्ड बांटने के लिए कुलदीप शुक्रवार सुबह मोटरसाइकिल पर पत्नी सुनीता, बेटी गगन और खुशदीप को लेकर फतेहाबाद के गांव मताना आ रहे थे। बताया जा रहा है कि गांव सोत्तर भट्टू के पास मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गया और पेड़ से टकरा गया। टक्कर लगने से मोटरसाइकिल सवार चारों लोग घायल हो गए। घायलों को फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल लाया गया। यहां से घायल खुशदीप को प्राथमिक उपचार के बाद अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। संवाद