आढ़ती से छीनाझपटी की वारदात के बाद जांच करते हुए शहर थाना प्रभारी
फतेहाबाद। दिनदहाड़े शहर के भट्टू रोड पर रंगोली पैलेस के पास सुबह करीब 8.30 बजे दो मोटरसाइकिलों से आए चार बदमाशों ने अनाजमंडी के आढ़ती जगदीश चोपड़ा से आढ़ती से सोने की अंगूठी और करीब चार हजार रुपये लूट लिया। सूचना मिलने पर डायल-112 टीम और शहर थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की।
ग्रीन पार्क कॉलोनी निवासी आढ़ती जगदीश चोपड़ा ने बताया कि उसके हाथ में फ्रैक्चर होने के चलते प्लास्टर बंधा हुआ है। अपने घर से वह अनाज मंडी में दुकान पर पैदल जा रहा था। रंगोली पैलेस के पास पहुंचा तो भट्टू रोड की तरफ से दो मोटरसाइकिलों पर चार युवक आए और उसे रोक लिया। युवकों ने उसे पकड़कर जबरदस्ती उसकी अंगूठी उतार ली और इसके बाद जेब में से पर्स निकाल लिया। युवकों ने पर्स में से करीब चार हजार रुपये निकाल लिए। जब उसने शोर मचाया तो युवक धमकी देकर गए कि 10 मिनट में वापस आकर तुझे बताते हैं और शहर की तरफ भाग गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे शहर थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ने आसपास के लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करके सुराग जुटाने का प्रयास किया।
आढ़ती से छीनाझपटी की वारदात हुई है। सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची थी। वारदात को अंजाम देने वाले युवकों का सुराग लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
- महेंद्र सिंह, शहर थाना प्रभारी