फतेहाबाद के मिनी बाइपास पर मोटरसाइकिल पर मृत युवक और टंकी पर रखा इंजेक्शन
फतेहाबाद। नशे से मिनी बाईपास पर भट्टू क्षेत्र निवासी बाइक सवार दूध विक्रेता की मौत हो गई। पुलिस ने मृत दूध विक्रेता के पास से इंजेक्शन भी बरामद किया है। पुलिस ने दूध विक्रेता के शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने कहा कि विसरा जांच के लिए भी भेजा जाएगा। रिपोर्ट के बाद ही मौत का स्पष्ट कारण पता चल पाएगा। फिलहाल मामले में इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की गई है।मिनी बाईपास पर सुबह करीब पांच बजे कुछ लोगों ने मोटरसाइकिल पर ही दूध विक्रेता (28) को मृत हालत में देखा। उसके पास इंजेक्शन भी था, जो कि टंकी पर रखा हुआ था। इस मामले की सूचना लोगों ने पुलिस को दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और परिवार को सूचित किया। परिजनों के मुताबिक युवक दूध बेचने का काम करता था। सुबह भी वह मोटरसाइकिल से दूध सप्लाई करने ही जा रहा था। मोटरसाइकिल पर दूध के ड्रम भी थे। आशंका जताई जा रही है कि रास्ते में उसने इंजेक्शन के जरिये नशा लिया और उसकी सेहत बिगड़ गई, जिससे उसकी मौत हो गई। युवक अविवाहित था।
कोट
मिनी बाईपास से सुबह सूचना मिली थी कि मोटरसाइकिल पर दूध विक्रेता मृत हालत में पड़ा है। टीम मौके पर पहुंची। नशे से युवक की मौत होने की आशंका है। फिलहाल मामले में इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की गई है।
-महेंद्र सिंह, शहर थाना प्रभारी