जिले में मिड डे मिल वर्कर्स को पिछले करीब 4 माह से वेतन व वर्दी भत्ते का भुगतान न होने से खफा मिड डे मील वर्कर्स द्वारा 21 सितंबर को फतेहाबाद में उपायुक्त कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन कर धरना दिया जाएगा। धरने को लेकर मिड डे मील वर्कर्स यूनियन द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है । इस प्रदर्शन में जिलेभर से सैकड़ों मिड डे मील वर्कर्स भाग लेंगी। मिड डे मील वर्कर्स यूनियन की जिला प्रधान गगनदीप कौर और जिला सचिव किरणपाल ने बताया कि कोरोना वायरस महामारी के चलते सभी स्कूलों में बच्चों का आना बंद है। सरकार व विभाग के निर्देशानुसार मिड डे मील वर्कर्स लाभार्थी बच्चों को घर-घर राशन पहुंचा रही हैं। इसके साथ ही स्कूलों में अब शिक्षकों व अन्य स्टाफ की मदद कर रही हैं। उन्हें वेतन के नाम पर अभी भी बहुत ही कम मानदेय में गुजारा करना पड़ता है। यह मानदेय भी साल में 10 महीने मिलता है। बहुत से स्कूलों में पिछले कई माह से वेतन भी नही मिला है जिससे इन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के माध्यम से मांग की जाएगी कि फतेहाबाद जिले में पिछले करीब चार माह के बकाया वेतन व वर्दी भत्ते का तुरंत भुगतान हो और 7 तारीख तक मानदेय देना सुनिश्चित किया जाए। मिड डे मील वर्कर्स का वेतन बढ़ाया जाए और उन्हें चौथे दर्जे का सरकारी कर्मचारी घोषित किया जाए। नियमित किए जाने तक सभी वर्कर्स को 12 के 12 महीने न्यूनतम वेतन 18 हजार रुपये दिया जाए।