फतेहाबाद/भट्टूकलां। गांव सिरढ़ान में शनिवार को अति आधुनिक पोल्ट्री फार्म में आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि पोल्ट्री फार्म में रखे गए 9570 चूजे जिंदा जल गए। वहीं पोल्ट्री फार्म की छत व पोल्ट्री फार्म के अंदर लगा हाईटेक सामान भी जल गया। आग लगने की सूचना पाकर फतेहाबाद व भट्टूकलां से आईं दमकल विभाग की गाड़ियों करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग का कारण बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट बताया गया है।
बता दें कि गांव सिरढ़ान के पूर्व सरपंच देवेंद्र ने बताया कि गांव के पास उनका पोल्ट्री फार्म है। इसमें चूजों का पालन किया जाता है। शनिवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे पोल्ट्री फार्म के अंदर आग लग गई। लेबर नेे धुआं उठता देखा तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना उन्हें दी और उन्होंने इसकी सूचना दमकल विभाग का दी। सूचना के बाद फतेहाबाद व भट्टूकलां से आई दमकल विभाग की छह गाड़ियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बताया गया है कि चूजों के लिए अंदर हीटर लगे थे और उन्हीं की तारों में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई और बाद में भीषण रूप धारण कर लिया। पोल्ट्री फार्म मेंं पराली व प्लास्टिक की पल्लियां होने के कारण आग तेजी से बढ़ी। मामले की सूूचना पाकर भट्टूकलां थाना प्रभारी शादीराम भी पुलिस फोर्स मौकेे पर पहुंच गए।
अति आधुनिक तकनीक से बनाया था पोल्ट्री फार्म
देवेंद्र ने यह पोल्ट्री फार्म अति आधुनिक तकनीक से बनाया हुआ था। यहां ऑटो सेंसर, कूलर और हीटर सभी सुविधा लगाई हुई थी। फार्म में नई तकनीक के अनुसार, जो इक्यूपमेंट लगाए हुए थे, वह चूजों को किस प्रकार का वातावरण चाहिए, वैसा ही वातावरण देते थे, ताकि चूजे सुरक्षित रहें। अगर गर्मी होती थी तो एसी काम करते थे और सर्दी में हीटर। इसके निर्माण पर पूर्व सरपंच ने देवेंद्र ने करीब 20 लाख रुपये खर्च किए थे। देवेंद्र के अनुसार, क्षेत्र में यह सबसे बड़ा अति आधुनिक पोल्ट्री फार्म था। इसमें चूजों को पानी पिलाने के लिए ड्रिपिंग पाइप लाइन लगाई गई थी, ताकि कटोरों में पानी न डालना पड़े और पोल्ट्री फार्म में चूजों को हाईजेनिक पानी व फीड मिलता रहे।
शुक्रवार को ही आई थी चूूजों की खेप
पोल्ट्री फार्म में शुक्रवार को ही 9570 चूजों को लाया गया था। इन चूजों की कीमत तीन लाख रुपये बताई गई है। चूजों को पोल्ट्री फार्म में लगाकर लेबर ने उनको फीड आदि देने का काम आरंभ कर दिया था। देवेंद्र ने बताया कि पोल्ट्री फार्म में चूजों का पूरा ख्याल रखा जा रहा था।
कोट
मैं गांव में था कि मुझे सूचना मिली कि पोल्ट्री फार्म में आग लग गई है। पोल्ट्री फार्म पर पहुंचा तो आग की लपटें उठ रही थी। तुरंत दमकल विभाग को फोन किया गया, लेकिन सबकुछ बर्बाद हो चुका था। इस आगजनी में चूजों, फीड व स्ट्रक्चर जल गया है, जिससे उनको लाखों रुपये का नुकसान हो गया है।
-देवेंद्र कुमार, मालिक पोल्ट्री फार्म।