भट्टू कलां। गांव किरढ़ान में एक विवाहिता ने अपने घर में ही फंदा लगाकर जान दे दी। मृतक महिला के मायके वालों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतक महिला के पति व बुआ सास के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मृतक महिला का फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल से पोस्टमार्टम करवा कर शव उनके परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस को दी शिकायत में गांव फुलां निवासी प्रदीप कुमार ने बताया कि उनकी बहन सिलोचना की शादी वर्ष 2006 में गांव किरढ़ान निवासी अनूप कुमार के साथ हुई थी। उनका भांजा राहुल राजस्थान के कोटा में पढ़ाई करता है। उसकी बहन सिलोचना दो माह से कोटा में ही रह रही थी और सोमवार को उनकी बहन अपनी ससुराल गांव किरढ़ान में आई थी। मंगलवार को उनकी बहन के ससुर ने फोन कर उसे बताया कि सिलोचना ने घर में फंदा लगा ली है। इस सूचना पर वह अपने परिवार के अन्य सदस्यों को लेकर बहन के ससुराल में पहुंचा तो वहां देखा कि उनकी बहन कमरे के बेड पर मृत अवस्था में पड़ी थी। बेड के ऊपर लगे पंखे पर रस्सी बंधी हुई थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाते हुए कहा कि उसकी बहन का पति अनूप नशेड़ी व आवारा किस्म का है। वह आए दिन उसकी बहन को तंग व परेशान करता रहता था। बहन की बुआ सास कमला भी पिछले कई दिनों से किरढ़ान आई हुई थीं, वह भी उसे आए दिन तंग करती रहती थीं। शिकायतकर्ता ने शक जाहिर करते हुए कहा कि हो सकता है कि उनकी बहन को मारकर फंदे पर लटकाया गया हो। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर देवेंद्र नैन ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।