मार्केटिंग बोर्ड द्वारा भूना में निर्माणधीन अनाज मंडी के फड़ से सैंपल लेती टीम।
भूना। अनाज मंडी भूना के रिहायशी एरिया की सड़कों व आरसीसी फंड निर्माण कार्य में शिकायत के बाद मार्केटिंग बोर्ड हरियाणा के उच्च अधिकारियों की नींद खुल गई। बोर्ड के अधीक्षक अभियंता हेमंत मित्तल व कार्यकारी अभियंता आनंद कुमार के नेतृत्व में निर्मित कार्य के तीन जगह से सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं।
बुधवार को हरियाणा मार्केटिंग बोर्ड के उच्च अधिकारियों की टीम अनाज मंडी में पहुंची। यहां पर व्यापारियों ने ठेकेदार के खिलाफ निर्माण सामग्री निम्न स्तर की उपयोग करने और कार्य में लापरवाही के आरोप लगाए। मार्केटिंग बोर्ड हरियाणा के अधीक्षक अभियंता हेमंत मित्तल व कार्यकारी अभियंता आनंद कुमार की देखरेख में अलग-अलग दिशाओं से तीन सैंपल सील बंद किए। जिन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा। हालांकि बोर्ड की टीम के अधिकारियों के सामने ही लोगों ने ठेकेदार की कार्य प्रणाली पर अंगुलियां उठाई और जांच के नाम पर खानापूर्ति करने के भी आरोप लगाए गए। एसडीओ गौरव वधवा व जेई बक्शीश की देखरेख में निर्माण सामग्री की गुणवत्ता के सामने आंख बंद रखने पर गंभीर सवाल जवाब किए। व्यापार मंडल के प्रधान अजय मेहता ने कहा कि ठेकेदार की लापरवाही के कारण पिछले 6 महीनों से मंडी की दुर्दशा बिगड़ी हुई है और किसानों और व्यापारियों को आने जाने का रास्ता भी नहीं मिल रहा। इसलिए निर्धारित समय में कार्य संपूर्ण नहीं करने पर ठेकेदार को जुर्माना लगाया जाना चाहिए।
लापरवाही मिली तो होगी कार्रवाई
मार्केटिंग बोर्ड के कार्यकारी अभियंता आनंद कुमार ने बताया कि बुधवार को मार्केटिंग बोर्ड हरियाणा के अधीक्षक अभियंता हेमंत मित्तल की निगरानी में अनाज मंडी भूना में निर्माणाधीन फड़ से अलग-अलग तीन दिशाओं में सैंपल लिए गए हैं जिन्हें जांच के लिए सरकारी प्रयोगशाला में भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में गड़बड़ी की गई है तो सैंपल रिपोर्ट आने पर स्थिति सामने आ पाएगी। अगर निम्न सामग्री मिली तो किसी भी कीमत पर ठेकेदार को बक्शा नहीं जाएगा।