टोहाना। शहर के रेलवे रोड स्थित बी-13 फूड कोर्ट रेस्टोरेंट पर फायरिंग करने व 50 लाख रुपये मांगने के आरोपी हिसार के गांव सिसाय बोलान निवासी सुमित सुखा व पंजाब के रामपुरा निवासी कर्ण को पुलिस ने मंगलवार को न्यायालय में पेश किया। जहां से अदालत ने उन्हें पांच दिन के रिमांड पर पुलिस को सौंप दिया। रिमांड के दौरान फरार तीसरे आरोपी के संबंध में असलाह लेकर आने सहित अन्य जानकारी जुटाएगी।
गौरतलब है कि 7 जनवरी शनिवार शाम को तीन आरोपियों ने बी13 फूड कोर्ट रेस्टोरेंट पर दहशत फैलाने के इरादे से वारदात को अंजाम दिया। सुमित व कर्ण बाइक पर बैठे रहे जबकि रोहित ने अंदर आकर मैनेजर विक्रम को पर्ची थमाई। जिस पर 50 लाख रुपये देने की बात लिखी थी। वापस आते समय रोहित ने रेस्टोरेंट के गेट पर तीन फायर भी किए।
रिमांड में पूछेगी पुलिस, रोहित से कैसे बातचीत हुई
शहर पुलिस आरोपियों से पांच दिन के रिमांड के दौरान वारदात को लेकर गहनता से पूछताछ करेगी। उनसे पूछा जाएगा कि वारदात को अंजाम देने के बाद कहां गए। वारदात को अंजाम देने से पहले कहां योजना बनाई तथा रोहित से उनकी मुलाकात कैसी हुई। इस मामले में तीसरा आरोपी टोहाना निवासी रोहित अभी भी फरार है। जिसे काबू करने के लिए पुलिस की टीमें छापे मार रही है। टोहाना शहर थाना प्रभारी देवेंद्र नैन ने बताया कि न्यायालय से पांच दिन के रिमांड पर दोनों आरोपियों को लिया है। तीसरे आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।