फतेहाबाद। शहर के काठमंडी निवासी बलराज उर्फ गोली हत्याकांड मामले में मुख्य षडयंत्रकारी आरोपी बलराज उर्फ बल्लू और शूटर अभी तक पुलिस पकड़ में नहीं आए हैं। बुधवार को मुख्य आरोपी को भगाने में मदद करने और आर्थिक मदद देने के आरोप में पकड़े गए आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। यहां से आरोपी ठेकेदार हनुमानगढ़ के उज्जलवास निवासी अनिल को 22 जून तक रिमांड पर लिया गया है।
रिमांड के दौरान पुलिस को आरोपी से गाड़ी के बारे में पता लगाना है और इसके अलावा 10 हजार रुपये की मदद को लेकर सुराग जुटाने हैं। इसके अलावा आरोपी राजस्थान के उज्जलवास निवासी अमन और फतेहाबाद निवासी धीरज को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस मामले में अभी तक 6 आरोपी पकड़े जा चुके हैं। जिसमें से चार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा चुका है। रेकी करने में शामिल आरोपी प्रवीन फिलहाल रिमांड पर है।
मामले के मुताबिक बीते शनिवार शाम को काठमंडी निवासी बलराज उर्फ गोली पर फायरिंग की गई थी। अगले दिन गोली की मौत हो गई थी। मामले में पुलिस ने सोमवार को रेकी करने के आरोप में तीन आरोपियों खान मोहम्मद निवासी प्रवीन, स्वामी नगर निवासी रवि और रामसरा निवासी लवकुश को पकड़ा था। इसके बाद बुधवार को तीन आरोपियों को काबू किया गया। हालांकि मामले में मास्टरमाइंड बलराज उर्फ बल्लू और गोली चलाने वाले आरोपियों को पुलिस पकड़ नहीं पाई है।
कोट
मामले में आरोपी अनिल ठेकेदार को 22 जून तक रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान आरोपी से गाड़ी के बारे में जानकारी जुटानी है और इसके अलावा अन्य आरोपियों के बारे में पूछताछ करनी है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
- रणजीत सिंह, शहर थाना प्रभारी