फतेहाबाद। टोहाना के हरपाल चौक निवासी युवक को ठगों ने टास्क पूरे करके रुपये कमाने का झांसा देकर 11.65 लाख रुपये ठग लिए। मामले को लेकर टोहाना निवासी हिमांशु जावा ने पुलिस को शिकायत दी है। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू की है।
पुलिस को दी शिकायत में हिमांशु जावा ने बताया कि 22 जून 2024 को मोबाइल पर फोन आया और कहा गया कि लिंक भेज रहे हैं, जिससे 200 रुपये कैश बैक मिलेगा। जो लिंक भेजा गया कि वह डेमो टास्क मैप रिव्यू का था। इसके बाद 200 रुपये भेज दिए गए। लिंक भेजकर टास्क पूरे करने पर पैसा कमाने का ऑफर दिया गया। इसके बाद उसने कुछ राशि निवेश की और निकाल ली। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने कहा कि राशि गलत जगह निवेश की गई है और खाता फ्रिज हो गया है, इसे अनफ्रिज करने के लिए राशि जमा करवानी होगी। आरोप है कि ठगों ने गुमराह करके अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से अलग-अलग खातों में 22 जून 2024 से 26 जून 2024 तक 11 लाख 65 हजार 997 रुपये डलवा लिए गए। ठगी का पता लगने के बाद उसने 1930 पर कॉल करके शिकायत भी दर्ज करवाई।