फतेहाबाद। नागरिक अस्पताल में आईसीयू के लिए लगाई 25 लाख की लिफ्ट एक बार फिर से बंद हो गई है। करीब 20 दिनों से लिफ्ट बंद है। अस्पताल में आने वाले मरीजों और तीमारदारों को लिफ्ट का फायदा नहीं मिल रहा है। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि उनके पास लिफ्ट खराब होने की शिकायत नहीं आई है जबकि अस्पताल प्रशासन का कहना है कि लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को शिकायत दर्ज करवाई जा चुकी है।
बता दें कि नागरिक अस्पताल में दो करोड़ से बनी आईसीयू के लिए 25 लाख से लोक निर्माण विभाग ने लिफ्ट लगाई थी। लिफ्ट लगाए अभी एक साल भी नहीं हुआ है और कई बार बंद हो चुकी है। अब फिर करीब 20 दिन से लिफ्ट बंद है। मरीजों को सीढ़ियों से ही पहली और दूसरी मंजिल पर जाना पड़ रहा है। लाखों रुपये की लगी लिफ्ट का फायदा मरीजों को नहीं मिल रहा है।
लिफ्ट के लिए नहीं ऑपरेटर
नागरिक अस्पताल में लगी लिफ्ट पर अभी तक कोई ऑपरेटर तैनात नहीं किया गया है। बिना ऑपरेटर के ही लोग लिफ्ट का प्रयोग कर रहे हैं। लिफ्ट में लगे बटनों की जानकारी न होने के चलते इसमें तकनीकी दिक्कतें आ रही है।
विभाग को नहीं मिल रही बैटरियां, लघुसचिवालय में भी लिफ्ट बंद
लघुसचिवालय के द्वितीय खंड में भी लिफ्ट बंद है। यहां पर दो लिफ्ट लगी है। बैटरियां खराब होने के चलते लिफ्ट बंद है और अफसरों को बैटरियां नहीं मिल रही है। बिजली सप्लाई बंद होने पर बैटरियों के जरिये लिफ्ट चलाई जाती है। लिफ्ट के लिए अधिक पावर की बैटरी चाहिए जो कि नहीं मिल रही है। अहम बात यह है लघुसचिवालय के द्वितीय खंड में पेंशन, शिक्षा, खाद्य एवं आपूर्ति से जुड़े विभाग हैं।
कोट
नागरिक अस्पताल में लगी लिफ्ट खराब होने की सूचना नहीं मिली है। शिकायत आती है तो ठीक करवा दिया जाएगा। लघुसचिवालय द्वितीय खंड की जो लिफ्ट है उसके लिए बैटरियां नहीं मिल रही है। कंपनी 20 से कम बैटरी देने को तैयार नहीं है।
-रविकांत, जेई, लोक निर्माण विभाग
कोट
अस्पताल की लिफ्ट में पहले दिक्कत आई थी, उसे ठीक करवा दिया गया था। अब दोबारा लिफ्ट में तकनीकी दिक्कत आई हुई है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है। जल्द ठीक करवा दी जाएगी।
-डॉ.र ाजेश चौधरी, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी
फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में बंद लिफ्ट।- फोटो : Fatehabad