फतेहाबाद। हरियाणा स्टेट वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन की ओर से मिलिंग के लिए मिलर को दिए गए धान में गड़बड़ी की आशंका जताई गई है। मिलर के खिलाफ सदर थाना पुलिस को शिकायत दी गई है। भौतिक सत्यापन में धान का स्टॉक कम मिला है। मामले में मैसर्ज तिरुपति एग्रो भूथनकलां के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने यह कार्रवाई स्टेट वेयर हाउस भट्टू के मैनेजर राकेश कुमार की शिकायत पर की है। शिकायत में बताया गया है कि संबंधित फर्म के साथ वर्ष 2023-24 के लिए धान को लेकर 4,796.500 मीट्रिक टन अलॉटमेंट की गई। धान की मिलिंग के बाद एफसीआई को सप्लाई देनी थी। मगर 24 सितंबर को फिजिकल वेरिफिकेशन के दौरान धान कम मिला।
जांच में सामने आया है कि 2,414 मीट्रिक टन की ही डिलिवरी दी गई जबकि 2,382.550 मीट्रिक टन धान कम मिला। मिलिंग को लेकर दिए गए सरकारी धान में गड़बड़ी की गई है। फिलहाल पुलिस ने संबंधित फर्म के मालिक के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।