फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Fatehabad News: न्यायाधीशों की कमी दूर करने के लिए वकीलों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की

Sat, 27 May 2023 12:05 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, फतेहाबाद
विज्ञापन
फतेहाबाद में वकीलों के चैंबरों के आगे धरने पर बैठे वकील। 
विज्ञापन
फतेहाबाद। जिला बार एसोसिएशन के वकीलों ने शुक्रवार को अदालतों में न्यायाधीशों की कमी को पूरा करने की मांग को लेकर वर्क सस्पेंड कर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए। इसी के साथ जिला बार एसोसिएशन की ओर से चेंबर इमारत के बाहर टेंट लगाकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर फूलमाला अर्पित कर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। इस दौरान सेशन जज डीआर चालिया व अन्य न्यायाधीश भी वकीलों से मिले और उनकी मांग के लिए ऊपर पत्र लिखने की बात कही।
विज्ञापन

शुक्रवार को वकीलों की हड़ताल के कारण जिला अदालत में शुक्रवार को 966 केसों की सुनवाई नहीं हो पाई। इनमें जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत के 184, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश जीएस वधवा की अदालत के 145, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं स्पेशल पॉक्सो एक्ट की अदालत सुनील जिंदल के 12, सीजेएम अंबरदीप सिंह की अदालत के 90, एसीजेएम की अदालत के 35, न्यायिक दंडाधिकारी याचना की अदालत के 75 व न्यायिक दंडाधिकारी गौरी नारंग की अदालत के 91, फैमिली अदालत के 34 व एसडीएम, तहसील व परमानेंट लोक अदालत के 150 केसों की सुनवाई नहीं हो पाई।
जिला बार एसोसिएशन के प्रधान नरेश सोनी ने बताया कि धरने पर रोजाना पांच अधिवक्ता भूख हड़ताल पर बैठेंगे। धरने के पहले दिन प्रधान नरेश सोनी, आत्मा राम डेलू, बलवान सिंह मेहरिया, नवीन नारंग व राहुल गोदारा भूख हड़ताल पर बैठे। बार प्रधान नरेश सोनी व सचिव समीर सिहाग ने बताया कि फतेहाबाद की अदालतों में वकील लंबे समय से एक एनडीपीएस स्पेशल कोर्ट, दो अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, दो सिविल जज अदालत व एक 138 की स्पेशल अदालत की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी मांगों पर अभी तक कोई ध्यान नहीं दिया गया है।
विज्ञापन

उन्होंने बताया कि न्यायाधीशों की कमी से लंबित मुकदमों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है और इससे मुकदमों की नियमित रूप से सुनवाई प्रभावित हो रही है। नरेश सोनी ने बताया कि जजों की कमी की मांग को लेकर बार एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल फतेहाबाद सेशन डिवीजन के निरीक्षक जज सहित अन्य जस्टिस से मुलाकात कर चुका है। इससे पहले, फतेहाबाद बार में आए तत्कालीन निरीक्षक जज जस्टिस सुवीर सहगल को भी जजों की कमी पूरी करने की मांग की गई थी, लेकिन आज तक उनकी मांगों की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया गया है। उन्होंने बताया कि फतेहाबाद में दो सेशन व एक सिविल जज की अतिरिक्त आवश्यकता है। सेशन कोर्ट में तो छह-छह हजार केस लंबित पड़े हैं और प्रतिदिन 200 से अधिक केस अदालतों में आ रहे हैं।
वकीलों की हड़ताल के बाद शुक्रवार को जिला एवं सत्र न्यायाधीश डीआर चालिया व अन्य न्यायाधीश उनसे मिले और उनकी मांगों को आगे भेजने का आश्वासन दिया, लेकिन वकीलों ने कहा है कि जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाता, वह हड़ताल पर रहेंगे। हालांकि शनिवार व रविवार को अदालतों में अवकाश रहेगा, लेकिन सोमवार को एक बार फिर वकीलों ने धरना देने की चेतावनी दी है। इस धरने में एडवोकेट संत कुमार, एच एस संधु, सुशील बिश्नोई, विनय शर्मा, देवीलाल, रोहताश बिश्नोई, कुलदीप शर्मा, राम बेनिवाल, एनएस मलिक, सुरेंद्र बतरा, कमलेश वशिष्ठ, धर्मपाल जाखल, केसी मेहता, लवप्रीत मेहता, चंदन रॉयल, सचदेव बिश्नोई, जसपाल सिंह ढाढ़, अरुण शर्मा सहित अनेक अधिवक्ता शामिल रहे। वहीं रतिया बार एसोसिएशन ने वकीलों के समर्थन में अदालतों में काम नहीं किया।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें