शहर के भाटिया नगर निवासी युवक से एयरपोर्ट पर नौकरी लगाने के नाम पर लाखों रुपये धोखाधड़ी का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में भाटिया नगर निवासी संजय सिंह ने बताया कि वह बेरोजगार है तथा उसने सोशल मीडिया पर दिल्ली ड्यूटी फ्री के नाम से एक विज्ञापन देखा था जिसमें उन्होंने एयरपोर्ट पर नौकरी के लिए विज्ञापन दिया था। शिकायत के अनुसार विज्ञापन देखने के बाद उसने अपना मोबाइल नंबर व जानकारी भेज दी। उस उपरांत उनके मोबाइल से फोन आया आरोपी ने खुद को कंपनी का अधिकारी बताते हुए उससे कागजात की मांग की। शिकायतकर्ता ने उसके व्हाट्सएप पर 16 दिसंबर को कागजात भेज दिए जिस पर एयर इंडिया एचआर डिपार्टमेंट के नाम का लोगो लगा हुआ था। उसने बताया कि कागजात भेजने के अगले दिन सिलेक्शन होने का मेसेज में फोन आया तथा आरोपी ने 1450 रुपये एप्लीकेशन फॉर्म के लिए मांग की जो उसने तुरंत भेज दिए गए। उसने बताया कि रुपये भेजने के बाद उसके पास इंडियन पोस्ट द्वारा एक ज्वाइनिंग लेटर आया तो शिकायतकर्ता को विश्वास होने लगा। उसके बाद बार-बार मेसेज और फोन आते रहे, कभी सिक्योरिटी फीस, ड्रेस चार्ज के नाम पर तो कभी फाइल चार्ज के नाम पर व कभी केबिन चार्ज के नाम पर कुल 1 लाख 60 हजार रुपये आरोपी ने उससे ले लिये। शिकायतकर्ता ने बताया कि कुल नकदी में से कुछ मोबाइल तो कुछ बैंक खाते से ट्रांसफर की गई। उसके बाद भी अलग-अलग मोबाइल नंबरों से जब फोन पर उससे पैसे बार-बार मांगे जाने लगे तो उसे शक हुआ तब वह दिल्ली इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर पता करने गया तो वहां जाकर पता चला कि इस नाम के अज्ञात व्यक्ति ने नौकरी के नाम पर उससे धोखाधड़ी किया है। अपने स्तर पर आरोपी की तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। जिसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।