फतेहाबाद। फतेहाबाद के पूर्व जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक प्रमोद शर्मा की पुत्री जया शर्मा हरियाणा सिविल सेवा परीक्षा पास कर डीएसपी बनी हैं। एचपीएससी द्वारा घोषित परीक्षा परिणाम में जया शर्मा ने जहां ओवरऑल आठवां स्थान प्राप्त किया, वहीं लड़कियों में वह टॉप पर रहीं। फिलहाल जया शर्मा यूपीएससी की तैयारी में जुटी हुई हैं। बता दें कि जया शर्मा के पिता प्रमोद शर्मा कई सालों तक फतेहाबाद में डीएफएससी के पद पर रहे हैं और वर्तमान में वे चंडीगढ़ में इसी पद पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। जया शर्मा ने एचपीएससी में आठवें रैंक के साथ डीएसपी बनकर अपने माता-पिता का सपना साकार किया है।
जया शर्मा ने दिल्ली विश्वविद्यालय से बीएसई गणित और आईआईटी दिल्ली से एमएससी गणित की डिग्री हासिल की। इसके बाद उन्होंने एक निजी कंपनी की जॉब छोड़कर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी शुरू की थी। हिसार के पीएलए निवासी जया शर्मा ने सेल्फ स्टडी कर पहले प्रयास में ही एचपीएससी की परीक्षा पास की है। परीक्षा की तैयारी के दौरान जया ने प्रोडक्टिव स्टडी को फॉलो किया। उसका फोकस समय पर सिलेबस को पूरा करना और स्ट्रेस फ्री पढ़ाई करना रहा। जब कभी पढ़ाई में मन नहीं लगा तो मां नीतू ने हमेशा उनका साथ दिया। वह अक्सर मां के साथ बातें करती थी, नॉवेल पढ़ती, फिल्में देखती थी। इससे उसका स्ट्रेस दूर होता था, जिसके बाद वह पढ़ाई को पूरा समय देती।
जया शर्मा ने कहा कि परीक्षा की तैयारी पूरा दिन पढ़कर स्ट्रेस लेकर नहीं की जा सकती। पढ़ाई के दौरान जरूरी है कि जितना समय सिलेबस को दिया जाए, उसमें पूरा फोकस केवल पढ़ाई पर होना चाहिए। उन्होंने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने दादा रुद्रमणी शर्मा, पिता प्रमोद शर्मा व मां नीतू शर्मा को दिया है।