गांव जमालपुर शेखां में अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी सोनू सैनी का स्वागत करते ग्रामीण।
कुलां। मलेशिया से कबड्डी कप में खेलकर मंगलवार शाम को अपने गांव जमालपुर शेखां पहुंचे अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी सोनू सैनी का ग्रामीणों ने स्वागत किया। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सोनू सैनी के कोच सतीश मंडेरना धारसूल ने बताया कि 13 व 14 जुलाई को मलेशिया में अंतरराष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता में जमालपुर शेखा गांव के होनहार युवा खिलाड़ी सोनू सैनी ने शान-ए-पंजाब टीम की ओर से भाग लिया था। इस प्रतियोगिता में भले ही उनकी टीम विजय प्राप्त करने से चूक गई, लेकिन फिर भी खिलाड़ी सोनू सैनी का प्रदर्शन उम्दा रहा।
इस दौरान ग्रामीणों ने कहा कि सोनू सैनी का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलना खासकर उनके गांव व जिले के लिए गर्व की बात है। इसको लेकर ग्रामीण खासे उत्साहित नजर आए। जैसे ही खिलाड़ी सोनू सैनी के मलेशिया से गांव पहुंचने की सूचना मिली तो लोग उनके स्वागत के लिए पहले ही बस अड्डे पर आ गए। गांव में प्रवेश करने से पहले ही सड़क मार्ग पर मोटरसाइकिलों व गाड़ियों के काफिले के साथ ग्रामीणों ने सोनू को खुली जीप में बैठाकर उनका स्वागत किया। कबड्डी खिलाड़ी सोनू सैनी ने कहा कि आज वो इस मुकाम पर पहुंचें तो इसका श्रेय उसके कोच सतीश धारसूल व परिवारजनों को जाता है। सोनू सैनी ने कहा कि भले ही इस बार वह जीत का झंडा बुलंद करने से चूक गए हैं, लेकिन वह एक दिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अवश्य जीत का झंडा फहराएंगे।
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सोनू सैनी ने अपने कोच सतीश धारसूल का पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। विदित है कि सोनू सैनी विभिन्न प्रतियोगिताओं में खेलकर जीत दर्ज करते रहे हैं। कबड्डी के कोच सतीश मंडेरना का गांव के युवाओं को कबड्डी में निपुण बनाने में विशेष योगदान रहा हैं। खिलाड़ी सोनू सैनी ने कहा कि उनके कोच सतीश द्वारा निरंतर क्रम से उन्हें अभ्यास करवा कर इस काबिल बनाया है।