रतिया। पंजाब के फगवाड़ा के गोल चौक पर 6 दिन पहले मनीचेंजर से 45 लाख रुपये की लूटपाट के मामले में फगवाड़ा पुलिस ने वीरवार रतिया के गांव गुरुसर में एक घर पर छापा मारकर कार्रवाई की। पुलिस टीम को इस मामले में अमनदीप नामक युवक की तलाश थी। पुलिस को घर पर अमनदीप तो नहीं मिला, लेकिन उसकेे घर खड़ी स्कोडा गाड़ी को पुलिस कब्जे में लेकर फगवाड़ा ले गई। पंजाब पुलिस का कहना है कि लूटपाट मामले में उक्त गाड़ी इस्तेमाल की गई थी। घटना 24 दिसंबर की है। पुलिस के अनुसार 24 दिसंबर को मनीचेंजर का काम करने वाला शंकर नाम का व्यक्ति चंडीगढ़ से होशियारपुर जा रहा था। फगवाड़ा के गोल चौक पर एक स्कोडा कार सवार लोगों ने उसकी गाड़ी रोकी। गाड़ी सवार तीन युवकों ने कहा कि वे सीआईए स्टाफ से हैं। आरोप है कि स्कोडा सवार लोग शंकर को लुधियाना रोड पर ले गए और उससे 45 लाख रुपये छीन लिए। रुपये छीनकर स्कोडा सवार लोग शंकर को छोड़ कर चले गए। शंकर ने बाद में घटना की शिकायत पुलिस से की, पुलिस ने वहां सीसीटीवी की फुटेज खंगाली तो स्कोडा कार नजर आई। गाड़ी के नंबर व फुटेज आधार पर पुलिस रतिया के गांव गुरुसर तक पहुंची। पुलिस का कहना था कि उक्त गाड़ी ही लूटपाट में इस्तेमाल हुई है। पुलिस ने इस मामले में अमनदीप की तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। पंजाब पुलिस ने मौके पर सदर पुलिस की टीम को बुलाया। मौके पर सदर थाना से एएसआई जगपाल सिंह मौके पर पहुंचे। सदर थाना से एएसआई जगपाल सिंह ने कहा कि पंजाब की फगवाड़ा पुलिस आई थी। पुलिस को गांव के एक युवक की तलाश थी, लेकिन वह नहीं मिला। पुलिस उसकी स्कोडा गाड़ी ले गई है।