वीआईपी नंबरों की बोली में उपस्थित एसडीएम राजेश कुमार व बोलीदाता।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के फतेहाबाद में वाहनों की नई पंजीकरण शृंखला एचआर-22 यू के वीआईपी नंबरों के लिए सोमवार को एसडीएम राजेश कुमार की अध्यक्षता में बोली लगाई गई। इस शृंखला के 2222 नंबर के लिए 12 बोलीदाता पहुंचे। सबसे अधिक बोली छह लाख 11 हजार रुपये की लगी और इस नंबर को भाजपा की आईटी सेल के प्रभारी कंवल चौधरी को अलॉट किया गया। उल्लेखनीय है कि स्थानीय प्रशासन ने इस नंबर का रिजर्व प्राइस मात्र 50 हजार रुपये रखा था।
एसडीएम कार्यालय में वीआईपी नंबरों के शौकीनों की सोमवार को एसडीएम कार्यालय में कतार लगी रही। वाहन पंजीकरण की नई सीरिज एचआर 22 यू का नंबर 2222 सबसे महंगा बिका है। यह नंबर रिकॉर्ड छह लाख 11 हजार रुपये में बिका है। इस नंबर का रिजर्व प्राइस मात्र पचास हजार रुपये था, लेकिन इस नंबर के लिए 12 बोलीदाता पहुंच गए।
बोलीदाता लगातार बोली बढ़ाते रहे और अंत में यह नंबर भाजपा नेता कंवल चौधरी को अलॉट हुआ। उन्होंने सर्वाधिक छह लाख 11 हजार रुपये में इस नंबर को खरीदा। इसके अलावा सीरिज का 7777 नंबर तीन लाख 65 हजार रुपये में मोहनलाल को, 1111 तीन लाख 99 हजार में पूर्व सरपंच महेश मेहता, 1000 नंबर 50 हजार में गुरसेवक सिंह तथा 2200 नंबर 35 हजार में पुनीत ने खरीदा है।
4444 नंबर एक लाख 80 हजार रुपये में जिंदल बासमती ने खरीदा। 8888 की बोली एक लाख 60 हजार में मीनाक्षी ग्रोवर के नाम पर छूटी। इसी प्रकार 3333 नंबर रजत के नाम गया। 9999 नंबर संदीप कुमार ने 75 हजार में खरीदा, जबकि इसका रिजर्व प्राइस 50 हजार था। नरेंद्र कौर के नाम से 1234 नंबर की बोली 48 हजार रुपये में छूटी। इसका रिजर्व प्राइस 20 हजार रुपये रखा गया था।
सभी बोलीदाताओं को नई सीरिज के वीआईपी नंबर के लिए बुलाया गया था। नंबरों की अलॉटमेंट के लिए एक से अधिक बोलीदाताओं ने बोली लगाई और यह प्रक्रिया पारदर्शिता से की गई है। 2222 नंबर छह लाख से अधिक में बिका है और जो नंबर रह गए हैं, उनकी बोली प्रक्रिया आगे की जाएगी।
- राजेश कुमार, एसडीएम, फतेहाबाद।