फतेहाबाद। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि इस बार प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनती है तो नशा और अपराधियों का पूरी तरह खात्मा कर देंगे। उन्होंने कहा, 2014 से पहले हरियाणा प्रति व्यक्ति आय, निवेश, कानून व्यवस्था, खेलों व नौकरियां देने में पूरे देश में एक नंबर पर था। दस साल बाद बेरोजगारी, महंगाई और अपराध में नंबर वन हो गया है। हुड्डा शुक्रवार शाम यहां निजी पैलेस में जिला स्तरीय धन्यवादी कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
हुड्डा ने कहा कि आपने कांग्रेस प्रत्याशी कुमारी सैलजा को भारी मतों से जिताकर भेजा, उसके लिए धन्यवाद करते हैं। अगले तीन महीने तक जनता के बीच जाकर भाजपा सरकार की विफलता बतानी है। आपको बताना है कि कांग्रेस सरकार बनी तो पेंशन 6000 रुपये करेंगे, 300 यूनिट बिजली मुफ्त देंगे, सिलिंडर 500 रुपये से जयादा का नहीं होगा, दो लाख पक्की नौकरियां देंगे। कर्मचारियों की ओपीएस लागू करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि फतेहाबाद जिले से तीनों विधायक जिताकर भेज देना, हरियाणा में सरकार बना दूंगा।
मेरिट व सर्वे से मिलेगी टिकट : उदयभान
कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष उदयभान ने कहा कि लोकसभा चुनाव में कार्यकर्ताओं ने शानदार मेहनत की है। मगर असली लड़ाई बाकी है। कांग्रेस पार्टी ने सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में पहले से अधिक वोट हासिल किए हैं। उन्होंने कहा टिकट की दौड़ में कई लोग हैं, लेकिन टिकट एक को मिलेगी। सरकार को लाना है, इसलिए टिकट पूरी तरह से मेरिट व सर्वे के आधार पर दी जाएगी। कोई टिकट सिफारिश पर नहीं मिलेगी। कांग्रेस चुनाव चिह्न लेकर आए, बस उसे जीता देना। वोट कटुओं से सावधान रहने की जरूरत है। ये भाजपा के एजेंट हैं। पूर्व सीपीएस प्रहलाद सिंह गिल्लाखेड़ा, डॉ. वीरेंद्र सिंह सिवाच, पूर्व मंत्री परमवीर सिंह, पूर्व विधायक निशान सिंह, जनरैल सिंह, रामनिवास घोड़ेला, कृष्णा पूनिया, हरपाल बुडानिया, आनंदवीर गिल्लाखेड़ा, प्रदीप बैनीवाल, तरसेम शर्मा सहित कई नेता उपस्थित रहे।
सैलजा और उनका गुट गायब रहा
सम्मेलन में सिरसा संसदीय सीट से सांसद कुमारी सैलजा और उनका गुट गायब रहा। हालांकि, लोकसभा चुनाव के दौरान सभी गुटों के नेता एकजुट नजर आए थे। हुड्डा से जब इस पर सवाल किया कि कुमारी सैलजा नहीं आईं, तो उन्होंने कहा कि वह पहले धन्यवाद कर गईं हैं।