फतेहाबाद। योग नगर में एक विवाहिता से घरेलू हिंसा का मामला सामने आया है। महिला ने अपने पति पर उससे मारपीट करने व उसे कमरे में बंद करने का आरोप लगाया है। बाद में उसे कमरे की खिड़की तोड़कर बाहर निकाला गया और परिजनों ने उसे नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
घायल महिला संतोष देवी निवासी गांव नंगथला ने बताया कि उसका विवाह 2020 में फतेहाबाद के योग नगर में राजकुमार से हुआ था। शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए परेशान किया जा रहा है। उसने बताया कि उससे लगातार उसका पति शराब के नशे में मारपीट करता रहता है और उसे सुखी रोटी व चटनी खाकर पेट भरना पड़ रहा है। उसने बताया कि शुक्रवार रात को उसके पति ने उसे कमरे में बंद कर दिया और शराब पीकर उससे मारपीट की। उसने फोन करके अपने परिजनों को सूचना दी। उसके माता-पिता व चाचा-ताऊ मौके पर पहुंचे। महिला ने बताया कि उसे खिड़की तोड़कर बाहर निकाला गया और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला के नंगथला निवासी पिता ने बताया कि रात को उनकी बेटी का फोन आया कि उससे मारपीट की जा रही है। वे फतेहाबाद आए और पुलिस को शिकायत दी।