बाढ़ व सेम प्रभावित इलाकों के सैकड़ों किसान संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले वीरवार दोपहर बाद फतेहाबाद के विधायक दुड़ाराम का आवास घेरने पहुंचे। इस दौरान डीएसपी जगदीश काजला के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात रहा। किसानों ने विधायक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुआवजा दिलाने की मांग की। बाद में आवास से बाहर आकर विधायक दुड़ाराम ने किसान नेताओं से बातचीत करते हुए कहा कि उन्होंने उनकी मांग को प्रदेश सरकार तक पहुंचा दिया है।
बाढ़ और सेम से क्षेत्र प्रभावित
विधानसभा में भी आवाज उठाई है। पूरी उम्मीद है कि 15 दिनों में किसानों के खातों में मुआवजा राशि आ जाएगी। यह आश्वासन देकर विधायक वापस चले गए। इसके बाद किसान भी प्रदर्शन करते हुए वापस लघु सचिवालय पहुंच गए। संयुक्त किसान मोर्चा के जिला संयोजक जगतार सिंह ने कहा कि पिछले करीब पौने दो महीने से फतेहाबाद जिले का बहुत सा हिस्सा बाढ़ और सेम से प्रभावित है।
किसानों ने घेराव करने की कोशिश की
पिछले 15 दिनों से संयुक्त किसान मोर्चा फतेहाबाद के बैनर तले किसान डीसी दफ्तर पर पक्का पड़ाव डाल कर दिन रात अपनी मांगों के समाधान के लिए आवाज बुलंद कर रहे हैं, लेकिन विधायक पर सत्ता का चश्मा चढ़ा हुआ है, जिन्हें फतेहाबाद जिले के लोगों की समस्याएं दिखाई नहीं देती। ऐसे में किसानों ने उनके आवास का घेराव करने का निर्णय लिया।
15 सितंबर को पंचायत मंत्री के आवास का भी करेंगे घेराव
जगतार सिंह ने बताया कि 8 सितंबर को रतिया के विधायक लक्ष्मण नापा और 15 सितंबर को टोहाना के विधायक एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली के आवास का भी घेराव किया जाएगा। जब तक सरकार किसानों को 50 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा, खराब हुए टयूबवेल का दो लाख रुपये मुआवजा, नष्ट हुई ढाणियों का मुआवजा नहीं देती, तब तक उनका धरना व प्रदर्शन जारी रहेगा। इस दौरान संयुक्त किसान मोर्चा के राष्ट्रीय नेता जोगिंद्र सिंह उग्राहां व इंद्रजीत सिंह ने भी भाग लिया। उन्होंने भी किसानों की मांग को तुरंत मानते हुए मुआवजा जारी करने की मांग की।