फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विस में गूंजेगा सड़क पर दवाइयां मिलने का मुद्दा

Mon, 14 Mar 2016 12:50 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, फतेहाबाद
विज्ञापन
मनोहर लाल खट्टर - फोटो : Agency
विज्ञापन
बुधवार से शुरू हो रहे विधानसभा सत्र में इस बार फतेहाबाद की भी कई मांगें गूंजेंगी। कम से कम फतेहाबाद के तीनों विधायक तो इसी तैयारी के साथ चंडीगढ़ पहुंच गए हैं। फतेहाबाद से इनेलो के बलवान सिंह दौलतपुरिया, रतिया से इनेलो के रविंद्र बलियाला और टोहाना से भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने अपनी पार्टी की गतिविधियों से इतर अपने अपने विधानसभा हलके की मांगों की सूची तैयार कर ली है, जिसे वे विधानसभा के पटल पर रखेंगे। रविवार को अमर उजाला ने जिले के तीनों विधायकों से इस बार विधानसभा सत्र के दौरान हलके के विकास के लिए उनके प्लान पर बातचीत की।
विज्ञापन


फतेहाबाद विधायक बलवान विस में उठाएंगे पीजी कॉलेज, सेम की समस्या और सड़क पर दवाइयां मिलने का मुद्दा
सिरसा रोड पर सड़क किनारे झाड़ियों में मिली सरकारी दवाइयों का मुद्दा अब विधानसभा के पटल पर भी गूंजेगा। फतेहाबाद के विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया ने इसकी पुष्टि की है। विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया ने इस बार विधानसभा में आवाज उठाने के लिए कई मांगों की लिस्ट बनाई है। इनमें ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को मुआवजा देने, फतेहाबाद के पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज, चिल्ली को जल्द झील बनाने, सेम की समस्या से प्रभावित गांवों की समस्या को दूर करने, प्रत्येक गोशाला में पशु चिकित्सक तैनात करने, सरकारी अस्पताल की क्षमता बढ़ाने, सरकारी अस्पताल में न्यूरो सर्जन एवं हड्डियों के डाक्टर की डबल शिफ्ट में ड्यूटी सुनिश्चित करने और भूना शुगर मिल की नीलामी की जांच करवाने और इसकी जमीन पर धान से संबंधित कोई कारखाना लगाना शामिल हैं। विधायक दौलतपुरिया ने साफ कहा कि सरकार हमेशा ही विपक्षी विधायकों की आवाज को दबाने का काम करती है लेकिन इस बार ऐसा नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि अगर सरकार ने फिर से विधानसभा में बोलने का अवसर नहीं दिया तो फिर एक-एक मंत्री से निजी तौर पर मिलूंगा।

घग्गर का प्रदूषण, हेपेटाइटिस-सी और लिंक रोड होंगे रतिया विधायक की प्राथमिकता
रतिया के विधायक प्रो. रविंद्र बलियाला के मुताबिक, इस बार वह विधानसभा में घग्गर नदी के प्रदूषण का मुद्दा उठाएंगे। इसके अलावा रतिया में हेपेटाइटिस-सी से ग्रस्त लोगों के उपचार के लिए भी सरकार को उसका वादा याद दिलाएंगे। रतिया और लाली के बीच में घग्गर नदी पर पुल की मांग भी रखेंगे। इसके अलावा रतनगढ़-पिलछियां और रतिया-जाखल के बीच की सड़क का निर्माण करवाने के लिए विधानसभा में आवाज उठाएंगे। इसके अलावा स्कूलों में अध्यापकों की कमी की ओर सरकार का ध्यान दिलाया जाएगा।
विज्ञापन


खुद सरकार हैं बराला, लेकिन कई कामों में तेजी लाने की होगी आस
टोहाना से विधायक सुभाष बराला सत्ताधारी भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष हैं। ऐसे में वो खुद सरकार हैं। उन्हें विधानसभा में बोलने की जरूरत सिर्फ विपक्षियों को जवाब देने के लिए पड़ेगी। बराला खुद अपनी सरकार से किसी प्रकार का गुस्सा दिखाएंगे, इसकी संभावना ना के बराबर है। लेकिन टोहाना की जनता को जरूर बराला से उम्मीद होगी कि उनकी कई मांगों को इस सत्र में हरी झंडी दिखा दी जाए। बहरहा, सुभाष बराला रविवार दोपहर से लेकर देर सायं तक बीजेपी विधायक दल की बैठक में बिजी रहे और उनके पीए ने भी उनके व्यस्त होने का हवाला देकर बात करवाने में असमर्थता जाहिर कर दी।
विज्ञापन
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें