फतेहाबाद। नगर परिषद हाउस बैठक में हुए हंगामे के बाद मामला लगातार गर्माता जा रहा है। अभी तक प्रधान और उपप्रधान के बीच गाली-गलौज को लेकर आरोप लग रहे थे। लेकिन बुधवार आधी रात को एक हाई वोल्टेज हंगामा हुआ जिसके बाद मामला अब पूरी तरह से भड़क गया है। नगर परिषद उपप्रधान सविता टुटेजा की करीबी वार्ड नंबर दो की महिला पार्षद निलांशी शर्मा ने नगर परिषद प्रधान राजेंद्र सिंह खिंची के करीबी वार्ड नंबर तीन के पार्षद सुरेंद्र डिंगवाल पर व्हाट्सएप कॉल पर गाली-गलौज करने के आरोप लगाए हैं। पार्षद के खिलाफ मामला दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग को लेकर उपप्रधान सविता टुटेजा, पीड़ित पार्षद व उसके परिवार के लोग, समर्थक पार्षद व वार्ड के कई लोगों ने धर्मशाला रोड के बीच बैठ गए और धरना दे दिया। पार्षदों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।
सूचना मिलने पर शहर थाना प्रभारी ओमप्रकाश, बस स्टैंड चौकी इंचार्ज संजय व पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने महिला पार्षद निलांशी शर्मा से लिखित शिकायत ली और इसके बाद पार्षद सुरेंद्र डिंगवाल के घर दबिश दी। लेकिन मौके पर नहीं मिले। इसके बाद पुलिस ने आरोपी सुरेंद्र डिंगवाल के खिलाफ धारा 354ए, 294, 509 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मामला दर्ज करने के समर्थक पार्षद शांत हुए लेकिन गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं।
शिकायत में निलांशी बोली, दो बार व्हाट्सएप पर की वीडियो कॉल
पुलिस को दी शिकायत में पार्षद निलांशी शर्मा ने आरोप लगाया कि वार्ड नंबर तीन के पार्षद सुरेंद्र डिंगवाल ने 13 दिसंबर की रात 9 बजकर 25 मिनट पर दो बाद व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल की। जो काट दी। इसके बाद मैंने वायस कॉल 9 बजकर 27 मिनट पर की। जैसे ही सुरेंद्र डिंगवाल ने कॉल रिसीव किया तो उन्होंने गंदी-गंदी गालियां देना शुरू कर दिया और अश्लील शब्दों का प्रयोग किया।
तीन दिन से चले रहे घटनाक्रम पर विधायक ने साधी चुप्पी
नगर परिषद हाउस बैठक के दिन प्रधान-उपप्रधान के आमने-सामने भिड़ने के बाद हुए हंगामे पर विधायक दुड़ाराम ने चुप्पी साध रखी है। दूसरे दिन प्रधान राजेंद्र सिंह खिंची और उपप्रधान सविता टुटेजा एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते रहे। इसके बाद अब उपप्रधान की करीबी माने जाने वाली पार्षद निलांशी शर्मा और प्रधान के करीबी पार्षद सुरेंद्र डिंगवाल के बीच नया विवाद हो गया है। इस विवाद में एक महिला पार्षद दूसरे पार्षद पर मामला भी दर्ज करवा चुकी है। यानि कि मामला अभी ठंडा पड़ता नजर नहीं आ रहा है। जबकि भाजपा चुनाव चिह्न पर राजेंद्र सिंह खिंची ने चुनाव लड़ा था। ये ही नहीं सविता टुटेजा को उपप्रधान बनाने में विधायक दुड़ाराम की अहम भूमिका रही थी। लेकिन अब विधायक दुड़ाराम और प्रधान राजेंद्र सिंह खिंची के बीच दूरियां बढ़ चुकी हैं।
नगर परिषद में 20 को दोबारा होनी है हाउस बैठक
नगर परिषद में 12 दिसंबर को हुई हाउस बैठक में हंगामे के बाद प्रधान राजेंद्र सिंह खिंची ने अपने समर्थक पार्षदों के साथ वाकआउट कर दिया था। अब दोबारा से प्रधान ने 20 दिसंबर को हाउस की बैठक बुला रखी है।
महिला पार्षद निलांशी शर्मा की शिकायत पर आरोपी पार्षद सुरेंद्र डिंगवाल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।
- ओमप्रकाश, शहर थाना प्रभारी
पार्षद मामले में समझौते के प्रयास
पार्षद सुरेंद्र डिंगवाल के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद समझौते को लेकर भी प्रयास शुरू हो गए हैं। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों की वीरवार को बैठकों का दौर चलता रहा लेकिन समझौते का प्रयास सिरे नहीं चढ़ा है। बताया जा रहा है पार्षद निलांशी शर्मा ने फिलहाल समझौते से मना कर दिया है और दो दिन का समय मांगा है।