फतेहाबाद। फतेहाबाद के गांव भूथन कलां की बेटी और भाजपा नेता सोनाली फोगाट हत्याकांड में आरोपी सुधीर सांगवान व सुखविंद्र की जमानत याचिका पर सोमवार को गोवा हाईकोर्ट में सुनवाई होगी। इससे पहले आरोपियों को ड्रग मामले में जमानत मिल चुकी है। सोनाली फोगाट के भाई रिंकू ढाका का कहना है कि हत्यारोपियों की जमानत के खिलाफ हाईकोर्ट में उनका वकील पूरी दलील देगा और आरोपियों की जमानत रद्द करने की मांग की जाएगी।
ज्ञात रहे कि भाजपा नेता सोनाली फोगाट 23 अगस्त की सुबह गोवा के होटल में मृत मिली थी। सूचना मिलने पर सोनाली फोगाट का भाई रिंकू और जीजा अमन गोवा पहुंचे थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि सोनाली फोगाट के पीए सुधीर सांगवान और सुखविंदर ने सोनाली की हत्या की है। पुलिस की जांच में सामने आया कि सोनाली फोगाट को आरोपी सुधीर सांगवान और सुखविंदर ने एक होटल में ड्रग दी थी उसके बाद उसकी हालत खराब हो गई थी और उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने दोनों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया था। परिजनों की मांग पर गोवा सरकार ने मामला सीबीआई को सौंपा था। सीबीआई ने अपनी जांच के बाद चार्जशीट अदालत में पेश की थी। गोवा की जिला अदालत ने दोनों की ड्रग मामले में जमानत याचिका खारिज कर दी थी। इसके बाद उन्होंने गोवा हाईकोर्ट में ड्रग मामले में जमानत याचिका लगाई, जिसे हाईकोर्ट ने मंजूर कर लिया। सोमवार को हत्या मामले में दोनों की जमानत याचिका पर सुनवाई होगी।
ड्रग मामले में सुधीर सांगवान व सुखविंद्र को भले ही जमानत मिल गई हो, यह अदालत का मामला है। सोमवार को हत्या मामले में दोनों आरोपियों की गोवा हाईकोर्ट में सुनवाई होनी है और उनकी जमानत रद्द करवाने के लिए हमारा वकील पूरी लड़ाई लड़ेगा।
-रिंकू ढाका, सोनाली फोगाट का भाई