रतिया। कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य एवं पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई ने हरियाणा की बीजेपी-जेजेपी सरकार को भ्रष्टाचार में लिप्त लुटेरी सरकार बताते हुए नौकरियों में भर्ती घोटाले की जांच रिटायर्ड जज की निगरानी में करवाने की मांग की है। कुलदीप बिश्नोई रविवार को रतिया में पूर्व कांग्रेस नेता एवं पूर्व चेयरमैन बाबा बूटा सिंह की प्रथम पुण्यतिथि पर श्रद्घासुमन अर्पित करने पहुंचे थे। कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि हरियाणा में एचएससी भर्ती घोटाले के बाद अब एचपीएससी के तहत हुई पुलिस कमांडो की भर्ती में घोटाले की खबरें आने लगी हैं। बिश्नोई ने कहा कि हरियाणा में केवल एक अधिकारी या कुछ अधिकारी भर्ती घोटालों में शामिल नहीं है बल्कि इसमें ऊपर के लोग शामिल हैं। हरियाणा में भर्ती घोटालों की जांच केंद्र या राज्य के किसी रिटायर्ड जज की निगरानी में होनी चाहिए। वहीं जेजेपी के हिसार जिला अध्यक्ष रहे रमेश गोदारा पर दुष्कर्म का केस दर्ज होने और महिला के पुलिस पर समय रहते शिकायत पर कार्रवाई नहीं करने के आरोपों पर कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से पीड़िता के साथ है और हमारी मांग है कि सरकार पीड़िता के साथ पूरा तरह से न्याय करे। वहीं कुलदीप बिश्नोई ने हरियाणा के कृषि मंत्री जेपी दलाल के उस बयान की निंदा की है जिसमें मंत्री ने कहा कि किसान आंदोलन के मुद्दे के सहारे कांग्रेस अपनी राजनीति चमकाकर सत्ता हथियाने का सपना पाले हुए थी और किसान आंदोलन समाप्त होने से कांग्रेस का सपना चूर-चूर हो गया है। बिश्नोई ने कहा कि कांग्रेस राज सीएम भजनलाल के समय भी एचएससी के तहत नौकरियों में भर्तियां होती थीं, लेकिन एक भी भर्ती का पेपर कभी लीक नही हुआ और सभी भर्तियां पारदर्शी रूप से होती थीं। मौजूदा सरकार बिना खर्ची-बिना पर्ची के भर्ती का दावा करती है, लेकिन असल में अपने चहेतों को नौकरी देने की प्रक्रिया सरकार अपना रही है और इसी के कारण आए दिन भर्ती पेपर लीक होते हैं।