कृषि कानूनों के विरोध में किसानों का प्रदर्शन जारी है। हरियाणा के फतेहाबाद जिले की जाखल नगरपालिका में मंगलवार को बैठक के दौरान क्षेत्र के किसानों ने जबरदस्त हंगामा किया। नगरपालिका कार्यालय के अंदर बैठक चलती रही और बाहर किसान प्रदर्शन करते रहे।
दरअसल, जाखल नगरपालिका की प्रधान सीमा रानी गोयल के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को लेकर प्रशासन द्वारा मंगलवार को वोटिंग करवाने के लिए बैठक रखी गई। इस बैठक की अध्यक्षता करने के लिए एसडीएम नगरपालिका कार्यालय पहुंच गए।
यह भी पढ़ें - कृषि कानूनों के विरोध में अपनी मेहनत को रौंद रहे किसान, अब भाकियू ने कही ये बात
जैसे ही बैठक शुरू हुई तो जाखल क्षेत्र के गांवों से काफी संख्या में किसान कार्यालय के बाहर पहुंचकर प्रदर्शन करने लगे। किसानों का कहना था कि वह विधायक देवेंद्र बबली और सांसद सुनीता दुग्गल के आने की सूचना पाकर प्रदर्शन करने पहुंचे हैं। हालांकि, पहले से ही किसानों के विरोध की आशंका के चलते भारी पुलिस बल डीएसपी बिरम सिंह के नेतृत्व में पालिका कार्यालय के बाहर तैनात था।
बैठक के दौरान बार-बार अंदर बाहर आने पर एक महिला पार्षद की एसडीएम से नोकझोंक भी हो गई। महिला पार्षद ने आरोप लगाया कि एसडीएम ने उन्हें कहा कि एक बार बैठक में आने के बाद दोबारा से एंट्री नहीं होगी जबकि बैठक में पार्षद जब चाहे आ सकता है और जब मर्जी बाहर भी जा सकता है। मीडिया के सामने भी महिला पार्षद ने एसडीएम के आदेशों पर रोष जताया।
किसान नेता मनदीप नथवान, लाभसिंह, जग्गी सिंह, चमकौर, बलकार सिंह, सतीश कुमार, निर्मल सिंह, जनरैल सिंह, लखविंद्र साधनवास, सुखविंद्र रतिया ने कहा कि भाजपा और जजपा नेताओं का क्षेत्र के हर गांव और शहर में विरोध किया जाएगा। कृषि कानूनों पर किसानों का साथ नहीं देने के आरोप लगाते हुए किसान नेताओं ने कहा कि जहां भी भाजपा-जजपा नेताओं के कार्यक्रम होंगे, वहीं पर किसान एकत्रित होकर प्रदर्शन व विरोध करेंगे।