हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने घोषणा की है कि सालाना 180000 से 300000 तक की वार्षिक आय वाले परिवारों को भी आयुष्मान भारत योजना का लाभ दिया जाएगा। आगामी 15 अगस्त से इस योजना के तहत कार्ड बनवाने के लिए पोर्टल खोल दिया जाएगा। इस पोर्टल का शुभारंभ मुख्यमंत्री मनोहर लाल फतेहाबाद से करेंगे। इसके लिए 14 अगस्त को लघु सचिवालय के पास स्थित डीपीआरसी हाल में शुभारंभ कार्यक्रम होगा।
गौरतलब है कि आयुष्मान योजना के प्रदेश के 30 लाख परिवार पहले से योजना का लाभ ले रहे हैं, अब 8 लाख और परिवार इस योजना से जुड़ जाएंगे।
50 हजार लोगों को दिया जा चुका है अंत्योदय मेलों के माध्यम से ऋण : मनोहर लाल
प्रदेश सरकार ने अंत्योदय मेलों के माध्यम से अब तक 50 हजार लोगों को जरूरत के अनुसार ऋण उपलब्ध करवाकर रोजगार देने का काम किया गया है। कुरुक्षेत्र के गुढ़ा गांव के भी 11 लोगों को आत्मनिर्भर बनने का मौका मिल चुका है। सरकार लोगों का जीवन सरल करने के लिए इस तरह के अनेक कदम उठा रही है और उनके बेहतर परिणाम भी सामने आ रहे हैं। यह विचार मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने व्यक्त किए। वे शुक्रवार देर शाम गांव गुढ़ा में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में लोगों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कार्यक्रम में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश हैं कि जो भी प्रतिवेदन यहां पर प्राप्त होते हैं, उनको वे प्राथमिकता के आधार पर निदान करवाना सुनिश्चित करें।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने मेरी माटी-मेरा देश कार्यक्रम के तहत कार्यक्रम स्थल के नजदीक पौधरोपण, ध्वज व शिलाफल्कम को नमन किया और सभी लोगों को पंच-प्रण की शपथ दिलाई तो वहीं इसी गांव से ही मेरी माटी-मेरा देश अभियान की शुरुआत की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अभियान के तहत देश की राष्ट्रीय एकता व अखंडता के अनुरूप गांव गुढ़ा प्रदेश का पहला ऐसा गांव है, जहां से आज कलश में मिट्टी एकत्रित करने का शुभारंभ हुआ है। यह कार्यक्रम अगले 15 दिन तक देशभर में चलेगा। जिला, प्रांत अनुसार मिट्टी एक स्थान से एकत्रित करके दिल्ली कर्तव्य पथ पर ले जाकर नमन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर यह भी कहा कि अभी तक वह 50 से ज्यादा गांवों में जनसंवाद कार्यक्रम कर चुके हैं और 300 गांवों में जनसंवाद कार्यक्रम का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र से जो राशि विकास के लिए भेजी जाती है, वह शत-प्रतिशत संबंधित कार्य पर खर्च होती है। योग्य लाभार्थियों को भी सीधे उनके खातों में डीबीटी के माध्यम से पूरी राशि मिलती है। प्रदेश में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाकर डीबीटी के माध्यम से लोगों को सीधा लाभ दिया जा रहा है तथा ऐसा करके 1400 करोड़ रुपये की राशि बचाई गई है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत गांव गुढ़ा के 1279 लोगों के आयुष्मान कार्ड बने हैं, जिनमें से 88 लोगों ने इसका लाभ उठाया है और इसके तहत 27 लाख 87 हजार रुपये की राशि संबंधित व्यक्तियों की बीमारी पर खर्च हुई है।