भूना। मासूम बच्चे की हत्यारोपी कलयुगी मां व उसके प्रेमी को हत्या के मामले में जांच के लिए पुलिस मंगलवार को हिसार जेल से प्रोडक्शन वारंट पर भूना थाने लेकर पहुंची। पुलिस की पूछताछ में सात वर्षीय मासूम हार्दिक की हत्यारोपी मां कविता ने बताया कि आरएमपी डॉक्टर सुरेश कोहाड़ ने नींद की दो गोलियां खिलाने के लिए दी थी। मासूम हार्दिक की नींद आने के बाद तकिया मुंह पर दबाकर रखने से दम घुटने से मौत हो गई थी।
पुलिस के अनुसार कविता व सुरेश ने मिलकर यह योजना बनाई थी। हत्यारोपी आरएमपी सुरेश कोहाड़ नींद की छह गोली लेकर आया था। हार्दिक की मौत के बाद बची हुई चार गोलियां उसने नहर में फेंक दी थी। पुलिस ने मंगलवार को मुकदमे में 302, 34 आईपीसी के साथ-साथ 201 व 120बी की धारा भी जोड़ दी है। न्यायालय में सैनिक कृष्ण कुमार की नौ वर्षीय बेटी सोनाक्षी के बयान कलमबद्ध किए गए। पुलिस ने मंगलवार शाम को ही दोनों हत्यारोपियों को न्यायालय में पेश करके वापस हिसार जेल भेज दिया।
यह था पूरा मामला
गौरतलब है कि गांव चौबारा निवासी सैनिक कृष्ण कुमार की पत्नी कविता ने 4 जनवरी की शाम बच्चे को बीमार करने के उद्देश्य से दो गोली जबरन खिला दी। आरएमपी डॉक्टर के कहने पर कविता ने तकिये से हार्दिक की दम घोट कर हत्या कर दी गई। सैनिक ने अपने बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर पत्नी के मोबाइल की कॉल डिटेल चेक की तो मामला गंभीर लगा। उन्होंने डीएसपी को शिकायत देकर साइबर सेल के माध्यम से मामले की जांच की गुहार लगाई। कॉल डिटेल निकलवाने की सूचना पाकर कविता व सुरेश ने सैनिक कृष्ण को ही मौत के घाट उतारने की योजना बनाई। कविता ने 13 जनवरी की रात को नींद की गोली मिलाकर दूध पिला दिया। आरएमपी डॉक्टर सैनिक की चारपाई को आग लगाकर घर से भाग गया था। इस दौरान कविता ने अपने पति को दूसरी चारपाई पर लेटा दिया। सैनिक आग के कारण बुरी तरह से झुलस गया था। पुलिस ने सैनिक की शिकायत पर आरोपी पत्नी कविता के खिलाफ धारा 436, 307, 506 आईपीसी के तहत केस दर्ज किया था। पुलिस ने मामले की गहराई से जांच की तो मासूम हार्दिक की हत्या करने व सैनिक को जान से मारने के लिए जिंदा जलाने के प्रयास के मामले का पर्दाफाश हो गया था। पुलिस ने दोनों ही आरोपियों को हत्या प्रयास के मामले में गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था।
हार्दिक की मौत के बाद दो और ने भी गवाई जान
गांव चौबारा में सात वर्षीय मासूम हार्दिक की मौत के 11 दिन बाद कविता के पूर्व प्रेमी अधेड़ उम्र के व्यक्ति ने जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जान गवां दी। जब कविता के कारनामे की उसके ममेरे भाई व सैनिक कृष्ण कुमार के जीजा शमशेर को सूचना लगी तो वह भी जहरीला पदार्थ गटक गया और उसकी भी मौत हो गई। कविता व सैनिक की बहन की शादी अदला-बदली में हुई थी।
कोट
सात वर्षीय हार्दिक की हत्या में आरोपी उसकी मां कविता व आरोपी आरएमपी सुरेश को मंगलवार को हिसार जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आए थे। कविता से उसके संदूक में रखा हुआ वह तकिया बरामद किया है, जिससे बच्चे की दम घोटकर हत्या की गई थी। दोनों ही आरोपियों को पुन: न्यायालय में पेश करके जेल भेज दिया है।
-अनूप सिंह, प्रभारी, भूना थाना पुलिस