छात्र हनीश कुमार को गोल्ड मेडल व डिग्री प्रदान करते थापर यूनिवर्सिटी के वरिष्ठ अधिकारी।
- फोटो : Fatehabad
जाखल मंडी के मध्यम वर्गीय परिवार के युवक ने पंजाब की थापर इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी यूनिवर्सिटी में गोल्ड मेडल हासिल किया है। पवन गर्ग के पुत्र हनीश कुमार ने बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग इन इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कंप्यूटर इंजीनियरिंग में न केवल पहला स्थान हासिल किया है बल्कि सबसे अधिक 10 में से 9.9 सीजीपीए भी प्राप्त किए हैं। छात्र की इस उपलब्धि पर थापर यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से आयोजित दीक्षांत समारोह में गोल्ड मेडल देकर सम्मानित किया। हनीश कुमार ने बताया कि उन्होंने थापर यूनिवर्सिटी पटियाला पंजाब से बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग इन इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कंप्यूटर में डिग्री हासिल की है। अपनी काबिलियत व मेहनत के बल पर उन्होंने यूनिवर्सिटी में पहला स्थान हासिल किया। वहीं, हनीश कुमार की इस उपलब्धि पर उनकी माता बबीता गर्ग व पिता पवन गर्ग ने जहां गर्व महसूस किया है वहीं उनके मौलिक शिक्षक बृजलाल जिंदल, डीएवी पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल नीरज शर्मा ने भी उनकी इस उपलब्धि पर हर्ष जताया। छात्र हनीश का सपना है कि वह इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कंप्यूटर इंजीनियरिंग में बड़ा मुकाम हासिल करके न केवल अपने क्षेत्र व माता पिता का बल्कि सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग के क्षेत्र में देश का नाम रोशन करे।