टोहाना। भूना रोड स्थित इंदिरा गांधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सोमवार को दो दिवसीय 41वीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। गांव मादुआना के खेल स्टेडियम में हुई इस प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रिंसिपल वीरेंद्र पाल सिंह ने किया जबकि अध्यक्षता स्पोर्ट्स कमेटी इंचार्ज सतनाम सिंह ने की। प्रतियोगिता की शुरुआत शपथ ग्रहण समारोह के साथ की गई। पहले दिन विद्यार्थियों ने 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 1600 मीटर और पांच हजार मीटर दौड़ में हिस्सा लिया। दौड़ के अलावा जेवलिन थ्रो, डिस्कस थ्रो, शॉर्ट पुट व हैमर थ्रो के भी मुकाबले करवाए गए। लड़कों की 100 मीटर दौड़ में गोविंद ने प्रथम, राहुल ने द्वितीय, सरवन ने तृतीय स्थान हासिल किया जबकि लड़कियों की 100 मीटर दौड़ में अंजू प्रथम, अन्नू द्वितीय व निशु तृतीय स्थान पर रही।