फतेहाबाद। नगर परिषद सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से पिछले नौ दिनों से नगर परिषद की सभी ब्रांचों में कामकाज ठप पड़ा है। वहीं शहर में अब तक 400 टन कचरा जमा हो चुका है और आग लगाने का सिलसिला भी जारी है, वहीं कचरे से उठते दुर्गंध से लोग परेशान हैं। वीरवार को नगर परिषद कार्यालय के अलग-अलग ब्रांच में अधिकारियों व कर्मचारियों ने काम शुरू करने का प्रयास किया लेकिन हड़ताली कर्मचारियों ने शुरू नहीं करने दिया।
कर्मचारियों की हड़ताल का असर तत्काल प्रॉपर्टी आईडी पर भी पड़ा है। पांच हजार जमा करवाने के बाद भी तत्काल प्रॉपर्टी आईडी जारी नहीं हो रही है। नगर परिषद में 250 तत्काल प्रॉपर्टी आईडी के आवेदन आ रखे हैं और 24 घंटे में जारी करने का प्रावधान है। इसको लेकर अफसर भी परेशान हैं, अगर तत्काल प्रॉपर्टी आईडी जारी नहीं होती है तो जुर्माना लग सकता है।
बता दें कि नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों ने नगर पालिका कर्मचारी संघ के आह्वान पर पिछले 9 दिनों से हड़ताल कर रखी है। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से करीब 27 हजार घरों से पिछले नौ दिनों से कचरे का उठान नहीं हो रहा है, इसके अलावा न ही शहर में सफाई हो रही है। नगर परिषद की रिपोर्ट के मुताबिक करीब 400 टन कचरा डंपिंग प्वाइंट पर इकट्ठा चुका है। मौजूदा हालात ये है कि पिछले पांच दिनों से लोग लगातार कचरे के ढेर में आग लगा रहे है। शहर के जवाहर चौक, फव्वारा चौक, पुराना एसडीएम निवास के सामने, पीएनबी बैंक के सामने, बीघड़ रोड, कबीर बस्ती, भट्टू रोड, बस स्टैंड के सामने बने डंपिंग प्वाइंट पर कचरे के ढेर लगे हैं।
नगर परिषद अधिकारी आज कर सकते हैं कचरा उठवाने का प्रयास
नगर परिषद अधिकारियों ने पुलिस टीम साथ लेकर रविवार को डंपिंग प्वाइंट से कचरा उठवाने का प्रयास किया था। लेकिन कर्मचारियों ने विरोध शुरू कर दिया था और पुलिस ने सख्ती करते हुए खदेड़ा था और करीब 45 कर्मचारियों को हिरासत में भी लिया था। शुक्रवार को दोबारा नप अधिकारी डंपिंग प्वाइंट से कचरा उठवाने का प्रयास कर सकते हैं। ऐसे में टकराव भी संभव है।
हड़ताल से शहरवासियों की बढ़ी समस्या
फोटो 23ए
शहर में नौ दिनों से सफाई न होने के कारण जगह-जगह कचरे के ढेर लग गए हैं। शहर में चारों तरफ गंदगी ही गंदगी नजर आ रही है। प्रशासन को कर्मचारियों के साथ बातचीत कर समाधान निकालना चाहिए।
-तुषार, निवासी, चार मरला कॉलोनी
फोटो 23बी
शहर के मुख्य रास्तों से लेकर कॉलोनियों तक में गंदगी फैली हुई है। नौ दिनों से कचरा ले जाने वाली गाड़ियां भी नहीं आ रही हैं। इससे शहरवासियों की समस्या बढ़ी हुई है।
-माया देवी, निवासी, शिव कॉलोनी
फोटो 23सी
मंदिरों के सामने भी कचरे के ढेर लगे हुए हैं। इससे मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। सरकार को कर्मचारियों की बात सुनकर समस्या का समाधान करना चाहिए।
-सुमन लता, निवासी, अग्रवाल कॉलोनी
कोट
कर्मचारियों की हड़ताल से सफाई व्यवस्था बिगड़ी है। वैकल्पिक व्यवस्था करने का प्रयास जारी है। प्रॉपर्टी आईडी की फाइलें जो आ रही है उन्हें निकाला जा रहा है।
-ऋषिकेश चौधरी, ईओ नगर परिषद
फतेहाबाद के फव्वारा चौक के पास लगे कचरे के ढेर को देखकर हाथ से मुंह ढकती युवती।- फोटो : Fatehabad